फिरोज खान
खूबसूरत महिला को किसी बला से कम नहीं माना जाता है। जवान हो या बूढ़ा उसकी सुंदरता और कामुक अदाओं का दिवाना हो ही जाता है। एक ७८ साल का बुजुर्ग कब्र में पैर लटकाए हुए था। बुढ़ापे की बीमारी ने उसे जुलजुल बना दिया था। दादा और नाना बन चुके बूढ़े शख्स में फिर एक बार जवानी लौट आई। वजह थी ३० साल की खूबसूरत महिला। इस सुंदर बला ने ऐसा टॉनिक दिया कि बुढ़े व्यक्ति की जवानी लौट आई। वह हसीन सपने देखने लगा। टॉनिक का असर खत्म हुआ तो शख्स होश में आया, पता चला वह ऐसे दलदल में फंस चुका है, जहां बदनामी और बेइज्जती के सिवा कुछ नहीं था।
७८ साल के बुजुर्ग को रिटायर्ड हुए १८ साल हो चुके थे। बेटा और बेटियों की शादी कर अपनी जिम्मेदारियों से फुर्सत हो गई थी। पोता-पोती भी काफी बड़े हो चुके थे। बुजुर्ग का परिवार और खानदान में अच्छा खासा मान सम्मान था। एक दिन वह एकांत में बैठकर मोबाइल पर रील देख रहे थे, तभी उन्हें एक व्हॉट्सऐप कॉल आया। सामने से जवान औरत की मीठी आवाज आई। महिला ने चिकनी चुपड़ी बातें कर बुजुर्ग को भरोसे में लिया। दोनों के बीच अक्सर बातें होने लगी। महिला ने बुजुर्ग को बताया कि वह तलाक शुदा है और उसकी उम्र ३० साल है। ऑडियो कॉल की जगह महिला ने वीडियो कॉल करना शुरू किया। उसकी सुंदरता देख बुजुर्ग उस पर लट्टू हो गया। सज-धजकर वीडियो कॉल करने वाली महिला ने अश्लील बातें करना शुरू कीं। उसकी बातें सुनकर बुजुर्ग को मजा आने लगा। वह फिर अपने आपको जवान महसूस करने लगा। यह सिलसिला कई दिनों तक चला। एक रात बुजुर्ग अपने कमरे में अकेले खूबसूरत महिला को निहार रहा था, तभी महिला ने बुजुर्ग से कहा, ‘अब बहुत हो गया, जुदाई बरदाश्त नहीं हो रही’ बुजुर्ग ने पूछा, ‘तुम कहना क्या चाहती हो?’ महिला ने कहा, ‘मैं तुमसे शादी करना चाहती हूं।’ यह बात सुनते ही बुजुर्ग के होश उड़ गए। घबराकर कहने लगा वह शादी नहीं कर सकता। उसकी बात सुनकर महिला गुस्से में आ गई और बोली, ‘मैंने अपना सब कुछ तुम्हें सौंप दिया है। शादी तो करनी होगी।’ बुजुर्ग ने कांपते हाथों से वीडियो कॉल कट कर दिया और मोबाइल बंद कर दिया। दूसरे दिन मोबाइल चालू करते ही एक मैसेज मिला, जिसे पढ़कर बुजुर्ग के पैरों तले जमीन खिसक गई। मैसेज में लिखा था, ‘अगर तुमने शादी से इंकार किया तो मैं खुदकुशी कर लूंगी।’ आगे लिखा था, ‘मैंने सुसाइड नोट में तुम्हें जिम्मेदार ठहराया है।’ मैसेज पढ़ने के बाद बदहवास होकर बैठा बुजुर्ग कुछ सोच ही रहा था, तभी महिला का कॉल आया। कॉल रिसीव करके बुजुर्ग गिड़गड़ाने लगा, फिर भी महिला अपने पैâसले पर अड़ी रही।
बुजुर्ग ने बार बार माफी मांगते हुए पीछा छोड़ने की बात कही। आखिरकार महिला का असल मकसद सामने आया और कहा कि वह पीछा तभी छोड़ेगी, जब उसके बैंक खाते में १० लाख रुपए डाल दिए जाएंगे। १० लाख रुपए की डिमांड सुनकर बुजुर्ग के हाथ-पांव फूल गए। वह समझ गए कि महिला ने साजिश रचकर उसे प्रेम जाल में फंसाया और पैसे ऐठने की कोशिश कर रही है। आखिरकार हिम्मत जुटाकर बुजुर्ग ने सारी बात अपने बेटे से बताई। पिता की बात सुनकर उसने फौरन स्थानीय पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज करवाई। यह घटना मुंबई उपनगर की है।
