मुख्यपृष्ठअपराधतहकीकात : खूबसूरत बच्चों को देखकर खून खौल उठता था कातिल लेडी...

तहकीकात : खूबसूरत बच्चों को देखकर खून खौल उठता था कातिल लेडी का

फिरोज खान

हरियाणा के सोनीपत में रहने वाली सुंदर लेडी, जब भी वह किसी खूबसूरत बच्चे को देखती तो उसका खून खौलने लगता और उसके अंदर का शैतान जाग उठता था। उसका कलेजा तभी ठंडा होता, जब वह बच्चे का कत्ल कर देती। अजीबोगरीब मानसिकता वाली सीरियल किलर लेडी ने ४ बच्चों को मौत के घाट उतार दिया। उसका कत्ल करने का तरीका भी दिल दहला देने वाला था। वह छोटे बच्चों को तड़पा-तड़पा कर मार डालती थी। चौंका देने वाली बात यह है कि महिला ने अपने ६ साल के बच्चे का भी मर्डर कर दिया था।
पानीपत के इसराना की रहने वाली पूनम की शादी २०१९ में हुई थी। २०२१ में पूनम ने अपने पहले बेटे को जन्म दिया। अहम बात है कि पूनम ने एमएम पॉलिटिकल साइंस की पढ़ाई की थी और फिर बीएड के दौरान वह टॉपर थी। दरअसल, खूनी खेल की कहानी जनवरी २०२३ से शुरू होती है। सब कुछ सामान्य था। ११ जनवरी का दिन था। इस दौरान लेडी किलर पूनम की ननद अपनी सात साल की बेटी के साथ मायके आई थी। सोनीपत के गोहाना के भावड़ गांव में अचानक १२ जनवरी २०२३ को हड़कंप मच गया। घर के बाहर बने पानी के पांच फीट गहरे स्टोरेज टैंक में लेडी किलर के तीन साल के बेटे और उसकी ननद की सात वर्षीय बेटी का शव मिलता है। हालांकि, परिवार को लगता है कि यह हादसा है और नतीजा यह होता है कि बच्चों के इस डबल मर्डर को परिवार दुर्घटना मानता है और लेडी किलर की करतूत का किसी को पता नहीं चलता है। फिर बाद में उसने एक और बेटे को जन्म दिया, जिसका नाम अपने पहले बेटे के नाम पर ही रखा। अहम बात यह भी है कि पूनम ने अपनी सनक मिटाने के लिए केवल रिश्तेदारों के बच्चों को ही चुना।
१८ अगस्त को लेडी किलर पूनम के दिमाग का शैतान फिर जागता है। इस बार उसके निशाने पर थी जिया नाम की बच्ची। दरअसल, सिवाह गांव में पूनम अपने चचेरे भाई दीपक के घर रुकी थी और फिर रात में उसने १० साल की जिया को अपने पास सोने के लिए मना लिया। बच्ची को प्यार और दुलार का झांसा दिया और रात के अंधेरे में लेडी किलर बुआ के शैतानी दिमाग में कत्ल का भूत सवार हो गया। उसने जिया को घर के पीछे बने पानी के होद में डुबो दिया। सुबह उठकर बच्ची को तलाशा गया, क्योंकि उसे स्कूल जाने के लिए तैयार करना था। लेकिन बच्ची की लाश घर के पीछे बनी पानी की छोटी सी टंकी में मिली। पानी की टंकी इतनी बड़ी भी नहीं थी कि बच्ची उसमें डूब जाती, पूनम दो साल के अंतराल में करीब तीन हत्याएं कर चुकी थी। लेकिन इसकी भनक किसी को नहीं लगी।
इस बीच, पूनम अपने खौफनाक इरादों के साथ पानीपत के इसराना के नौल्था गांव पहुंचती है। यहां पर शादी थी। पूनम की रिश्तेदारी में जेठ लगने वाले अपने परिवार के साथ शादी में आए थे। इस दौरान मौका पाकर १ दिसंबर को पूनम ने छह साल की बच्ची की हत्या कर दी। इन चारों हत्याओं में पूनम का तरीका एक जैसा था। पूनम ने चौथी हत्या भी पानी में डुबोकर की थी। तीन बच्चों की हत्या करने के बाद तक पूनम कानून के फंदे से बच गई थी, लेकिन चौथे बच्चे की हत्या के दौरान पूनम कुछ गलतियां कर बैठी। पूनम ने जिस बाथटब में विधि को डुबोकर मारा था, वह उसकी हाइट से कम था। ऐसे में पुलिस को शक हुआ कि बच्ची की हत्या की गई है। इस दौरान जब पूनम ने बच्ची की हत्या की और फिर पहली मंजिल से नीचे आई तो उसके कपड़े भीगे हुए थे। यानी उसे बच्ची को मारने के लिए संघर्ष करना पड़ा। लोगों ने पूनम को भीगी हुई हालात में देखा था। पुलिस को मामले की शिकायत दी गई और फिर जब पूछताछ हुई तो सारा मामला खुल गया।

अन्य समाचार