फिरोज खान
हरियाणा के सोनीपत जिले के थाना गन्नौर क्षेत्र के रहने वाले गुड्डू की शादी उत्तर प्रदेश के शामली जिले की रहने वाली सीमा से हुई थी। शादी के बाद गुड्डू और सीमा की जिंदगी मजे से चल रही थी। इस दौरान सीमा ने २ बच्चों को जन्म दिया। खूबसूरत पत्नी का प्यार पाकर गुड्डू अपने आपको दुनिया का खुशकिस्मत इंसान समझने लगा। वह पत्नी की हर फर्माइश हर हाल में पूरा करता था। सीमा भी पति से खूब खुश थी। गुड्डू के ममेरे साले की शादी का न्योता आया। गुड्ड और सीमा ने मिलकर शादी में जाने का प्रोग्राम बनाया। गुड्डू इस बात से बेखबर था कि वह शादी में नहीं, बल्कि मौत के प्रोग्राम में जा रहा है। गुड्डू ने पत्नी के लिए महंगे कपड़े खरीदे यह कहकर कि उसमें वह सुंदर लगेगी। सीमा महंगे कपड़े पाकर भी खुश नहीं थी। उसके अंदर किसी और बात को लेकर तूफान चल रहा था। सीमा पति से बोली हम बाइक पर जाएंगे, ताकि जल्दी पहुंच सकें, क्योंकि हरियाणा की बसों में बहुत भीड़ चल रही है। फिर गांव तक पहुंचने के लिए साधन भी नहीं मिलता है। अपनी बाइक होगी तो आसानी से घर तक पहुंच जाएंगे। पत्नी की बात मानकर गुड्डू ने बाइक से जाने का इरादा बनाया। ७ अगस्त की सुबह गुड्डू अपनी बीवी सीमा को बाइक पर बैठाकर गांव खुरगान के लिए निकल पड़ा। बाइक पर पीछे बैठी शहनाज फोन पर बार-बार किसी से बात कर रही थी। बाइक की स्पीड तेज होने के चलते वह समझ नहीं पा रहा था। उसे लगा शायद शादी वाले घर से फोन आ रहे हैं। जब वे नेशनल हाईवे पर बने एक फ्लाईओवर से थोड़ा आगे पहुंचे, तो पीछे से २ बाइकों पर सवार ४ लड़को ने गुड्डू की बाइक का पीछा किया। टक्कर मार दी और डंडा मार कर बाइक रुकवा ली। उन्होंने चाकू से गुड्डू पर ताबड़तोड़ कई वार किए। एक लड़के ने उस पर कट्टे से गोली मार दी। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी हमलावर फरार हो गए। घायल गुड्डू समझ गया कि पत्नी सीमा ने उसके साथ धोखा किया। उसका दम टूटने को था, तभी उसकी निगाहें एक तरफ खड़ी सीमा पर पड़ी। वह कुछ कहना चाह रहा था, लेकिन कह नहीं पाया, क्योंकि शरीर से खून ज्यादा बह चुका था। जुबान बेजान हो चुकी थी। कुछ देर तक वह सीमा को देखता रहा और आहिस्ता-आहिस्ता उसकी नजरें धुंधली होती गईं और उसने दम तोड़ दिया। गुड्डू के मरते ही सीमा ने फौरन डायल ११२ को फोन किया और पुलिस को सूचना दी कि उन पर पर हमला हुआ है। बदमाशों ने उसके पति को मार डाला है। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर तहकीकात शुरू की। सीमा का बयान लिया तो, पुलिस को सीमा की बातों में दम नहीं लगा। उस की आंखों में पति की मौत के आंसू जरूर थे, लेकिन एक डर भी साफ दिख रहा था। पुलिस ने उसे पूछताछ के लिए उठा लिया। इसी दौरान केस के खुलासे के लिए लगाई गई टीमों ने जब सीमा की काल डिटेल खंगाली तो सारे राज खुलते चले गए। तसव्वुर नाम के शख्स से सीमा की लगातार बातचीत और लोकेशन शेयरिंग से पूरी हकीकत सामने आ गई। पुलिस की कड़ी पूछताछ में वह टूट गई। बोली उसका प्यार बचपन का था। घर वालो ने जबरदस्ती गुड्डू से शादी करवा दी थी।
