ईरान बोला, दुश्मन जल्द करेगा नए हथियार का सामना
मोजतबा टीम बोली, `ब्रह्मास्त्र तैयार है’
एजेंसी / तेहरान
क्या ईरान किसी भी वक्त परमाणु बम का परीक्षण करने वाला है? यह सवाल ईरान की नौसेना के शीर्ष कमांडर एडमिरल शाहराम ईरानी के हालिया बयान के बाद उठ खड़ा हुआ है। दरअसल, सरकारी मीडिया को दिए एक इंटरव्यू में उन्होंने तीन बड़े दावे किए। एडमिरल ईरानी के मुताबिक, ईरान का दुश्मन जल्द एक नए हथियार का सामना करेगा। उन्होंने कहा कि यह हथियार इतना खौफनाक है कि दुश्मन खासतौर पर अमेरिका और इजरायल के नेता तक डर से ‘हार्ट अटैक’ महसूस कर सकते हैं। हालांकि, उनके इन बयानों को लेकर कोई ठोस तकनीकी जानकारी या आधिकारिक पुष्टि सामने नहीं आई है, जिससे यह साफ नहीं हो पाता कि यह वास्तविक सैन्य क्षमता का संकेत है या फिर मनोवैज्ञानिक दबाव बनाने की रणनीति।
बता दें कि ईरान की ओर से अमेरिका और इजरायल पर बड़े हमले की धमकी दी गई है। ईरान के पास वो कौन सा सीक्रेट हथियार है, जिसके दम पर ईरान समुद्र में युद्धपोत को तबाह करने की धमकी दे रहा है। ईरानी नेवी के कमांडर रियर एडमिरल शाहराम ने कहा है कि यह हथियार दुश्मनों के करीब है और इसका इतना डर है कि उनके नेताओं को हार्ट अटैक आ सकता है। अपनी बात दोहराते हुए ईरान ने फिर कहा, `इस्लामिक गणराज्य ईरान बहुत जल्द दुश्मन सेनाओं का सामना एक ऐसे हथियार से करेगा, जिससे वे बहुत डरते हैं। यह हथियार दुश्मनों के एकदम करीब है, मुझे डर है कि उनके नेताओं को हार्ट अटैक आ सकता है।’ दुनिया जानती है कि अमेरिका और इजरायल जैसे ईरान के दुश्मन ईरान की मिसाइलों से नहीं। सिर्फ उसके एटमी मंसूबे से डरते हैं। इसलिए अब आशंका जताई जा रही है कि कहीं ईरान एटम बम बनाने में कामयाब तो नहीं हो गया है। क्योंकि उसके पास ६० फीसदी तक संवर्धित यूरेनियम पहले से है। ९० फीसदी तक संवर्धन सिर्फ २ हफ्ते में किया जा सकता है।
अमेरिका बोला, ‘ईरान ने गलती की तो फिर होंगे हमले’
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी चेतावनी दी कि अगर ईरान गलत हरकत करता है, तो अमेरिका फिर से उस पर हमला शुरू कर सकता है। ट्रंप ने फ्लोरिडा के वेस्ट पाम बीच से मियामी रवाना होते समय पत्रकारों से कहा कि उन्हें डील का कॉन्सेप्ट बताया गया है और जल्द ही पूरी जानकारी दी जाएगी।
इजरायल ने हिजबुल्लाह के १०० से ज्यादा ठिकानों पर दागीं मिसाइलें
मिडिल ईस्ट में शांति की उम्मीदों के बीच तनाव की लपटें फिर तेज हो गई हैं। इजरायली सेना ने दक्षिण लेबनान में हिजबुल्लाह के बुनियादी ढांचे को निशाना बनाते हुए १०० से ज्यादा हमले किए हैं। इजरायली रक्षा बलों के अनुसार, शनिवार को हुए इन हमलों में हिजबुल्लाह के लगभग १२० ठिकानों को जमींदोज कर दिया गया।
