उमेश गुप्ता / वाराणसी
वाराणसी के लालपुर पांडेयपुर क्षेत्र में पुलिस और SOG की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 88 किलो गांजा बरामद किया है। इस मामले में एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया गया है, जबकि बरामद मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत करीब ₹8 लाख बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान कपिल देव के रूप में हुई है, जो बुलंदशहर जिले के रसूलपुर का निवासी बताया जा रहा है। अभियुक्त के पास से एक चार पहिया वाहन (बोलेरो) भी बरामद किया गया है, जिसका उपयोग गांजे की तस्करी में किया जा रहा था। यह कार्रवाई मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर की गई। लालपुर पांडेयपुर पुलिस टीम वाहन चेकिंग कर रही थी, इसी दौरान संदिग्ध वाहन को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें भारी मात्रा में गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त के खिलाफ अन्य जनपदों में भी पहले से आपराधिक मामले दर्ज हैं। उसे विधिक कार्रवाई के बाद न्यायालय में पेश किया जाएगा। इस पूरे मामले का खुलासा गोमती जोन की डीसीपी नीतू कत्यान ने नवीन सभागार में मीडिया के सामने किया।
