हिमांशु राज
बॉलीवुड के मशहूर प्लेबैक सिंगर जुबिन नौटियाल ने देहरादून में अपनी बचपन की दोस्त के साथ गुपचुप तरीके से शादी कर ली है। यह खबर गुरुवार को सामने आई, जब मीडिया में उनकी निजी शादी की चर्चा जोरों पर थी। सिंगर के पिता रामशरण नौटियाल ने मीडिया को दिए साक्षात्कार में पुष्टि की कि बेटे ने डेढ़ साल पहले ही यह विवाह कर लिया था।
उन्होंने बताया कि जुबिन ने शोर-शराबे से दूर रहते हुए पूर्ण पारंपरिक रीति से सात फेरे लिए। शादी में केवल परिवारजन और करीबी मित्र ही शामिल हुए, बाहरी लोगों को कोई जानकारी नहीं दी गई। देहरादून के होमटाउन में हुई यह शादी बेहद सादगीपूर्ण रही। पिता ने कहा, “बेटा हमेशा अपनी निजी जिंदगी को गोपनीय रखना पसंद करता है।”
फैंस के बीच यह खबर वायरल हो गई है। वैलेंटाइन डे पर जुबिन की इंस्टाग्राम स्टोरी से ही अटकलें लग रही थीं, जो अब सच साबित हुईं। जुबिन की रोमांटिक गीतों की वजह से फैंस उनकी शादी को एक फिल्मी कहानी मान रहे हैं। सिंगर ने अभी आधिकारिक बयान नहीं दिया, लेकिन पिता की पुष्टि से सारी अफवाहें थम गईं। सिंगर के पिता रामशरण नौटियाल ने पुष्टि तो की, मगर पत्नी की पहचान गोपनीय रखी। पुरानी अफवाहों में निकिता दत्ता का नाम जोड़ा गया था, जो अब स्पष्ट रूप से गलत साबित हो चुका है और उनके अनुसार यह विवाह जुबिन के करियर पर कोई असर नहीं डालेगा। उनकी आने वाली फिल्मों के गाने फैंस बेसब्री से इंतजार रहे हैं। देहरादून की वादियों में हुई यह शादी प्रेम की मिसाल बन गई है।
