मुख्यपृष्ठसमाज-संस्कृतिएनएमएमएस परीक्षा में कर्मवीर विद्यालय का शानदार प्रदर्शन, 7 विद्यार्थियों ने पाई...

एनएमएमएस परीक्षा में कर्मवीर विद्यालय का शानदार प्रदर्शन, 7 विद्यार्थियों ने पाई सफलता

मुंबई। राष्ट्रीय आय एवं मेधा आधारित छात्रवृत्ति (एनएमएमएस) परीक्षा 2025-26 में वसई तालुका के जूचंद्र गांव स्थित रयत शिक्षा संस्था के कर्मवीर भाऊराव पाटिल विद्यालय एवं एस पी ज्युनियर कॉलेज के विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए विद्यालय का नाम रोशन किया है। इस प्रतिष्ठित परीक्षा में विद्यालय के कुल सात विद्यार्थियों ने सफलता प्राप्त की है।

उत्तीर्ण होने वाले छात्रों में कनिष्क यशराज भोईर, नयन संदीप बाडांगले, चेतन मल्हारी शिकारे, सिद्धेश मनोज जाधव, प्रचिति महेश गावंड तथा प्रज्वल प्रवीण आठवले शामिल हैं। इन सभी विद्यार्थियों को कक्षा 9वीं से 12वीं तक प्रति वर्ष 12 हजार रुपये की छात्रवृत्ति प्रदान की जाएगी, जिससे उनकी आगे की पढ़ाई में आर्थिक सहयोग मिलेगा।

विद्यालय प्रबंधन के अनुसार, इस सफलता के पीछे विद्यार्थियों की मेहनत के साथ-साथ शिक्षकों का मार्गदर्शन भी महत्वपूर्ण रहा। विशेष रूप से परीक्षा विभाग प्रमुख श्रीमती वर्षा सोनावले मैडम के मार्गदर्शन में विद्यार्थियों ने इस उपलब्धि को हासिल किया। उनकी इस सराहनीय भूमिका के लिए स्थानीय सलाहकार समिति के अध्यक्ष पुरुषोत्तम पाटिल के हाथों उनका सम्मान किया गया।

इस अवसर पर रयत शिक्षण संस्था रायगड विभाग पनवेल के सहायक विभागीय अधिकारी एवं मुख्याध्यापक विलासराव जगताप, उप मुख्याध्यापक नाडेकर तथा पर्यवेक्षक श्रीमती के ए पाटिल ने सफल विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

विद्यालय के इस प्रदर्शन को क्षेत्र में शिक्षा के स्तर को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। शिक्षकों और अभिभावकों ने भी छात्रों की इस सफलता पर हर्ष व्यक्त करते हुए इसे निरंतर मेहनत और अनुशासन का परिणाम बताया है।

अन्य समाचार