मुख्यपृष्ठनए समाचारसच दबाने के लिए खरात का हो सकता है एनकाउंटर!..प्रणिती शिंदे का...

सच दबाने के लिए खरात का हो सकता है एनकाउंटर!..प्रणिती शिंदे का सनसनीखेज आरोप

सुनील ओसवाल / मुंबई

‘भोंदू’ खरात मामले ने अब खतरनाक मोड़ ले लिया है। कांग्रेस सांसद प्रणिती शिंदे ने इस प्रकरण को लेकर ऐसा आरोप लगाया है, जिसने राजनीतिक गलियारों में सनसनी फैला दी है। शिंदे ने आशंका जताई है कि खरात का ‘एनकाउंटर’ किया जा सकता है, ताकि इस केस से जुड़े प्रभावशाली नाम सामने आने से पहले ही मामला दबा दिया जाए।
डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर जयंती के मौके पर मीडिया से बातचीत में शिंदे ने कहा कि यह मामला सिर्फ एक आरोपी तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके तार सत्ता के शीर्ष तक जुड़े हो सकते हैं। उनके मुताबिक, जैसे-जैसे जांच आगे बढ़ेगी, सत्ताधारी दल के कुछ नेताओं और मंत्रियों के नाम उजागर हो सकते हैं।
मंत्रियों और आरोपी के बीच है मिलीभगत की आशंका!
खरात कांड में कांग्रेस सांसद प्रणिती शिंदे ने सनसनीखेज खुलासा किया है। उन्होंने कुछ मंत्रियों के खरात से संबंधों का इशारा किया है। शिंदे के अनुसार, सच सामने आने से पहले ही आरोपी को खत्म करने की साजिश से इनकार नहीं किया जा सकता। शिंदे ने सोलापुर जिले में खरात से जुड़ी जमीनों के लेन-देन पर भी गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि इस पूरे प्रकरण में कुछ मंत्रियों, अधिकारियों और आरोपी के बीच मिलीभगत की आशंका है।
शिंदे ने कहा कि कुछ अहम सबूत जल्द सामने आ सकते हैं, लेकिन उससे पहले ही हालात बदलने की कोशिश हो सकती है। इस बयान ने जांच प्रक्रिया की निष्पक्षता पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। मामले को और पेचीदा बनाते हुए रूपाली चाकणकर की बहन प्रतिभा चाकणकर ने दावा किया है कि उनके नाम पर खोले गए खाते फर्जी हैं। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए शिंदे ने कहा कि इस संबंध में कुछ दस्तावेज सामने आए हैं, जिनकी जांच जरूरी है। इस पूरे घटनाक्रम के बीच शिंदे ने राज्य में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर भी सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि एक ओर महिला आरक्षण की बात की जाती है, वहीं दूसरी ओर महिलाओं पर अत्याचार के मामले लगातार सामने आ रहे हैं, जो बेहद चिंताजनक हैं।

अन्य समाचार