मुख्यपृष्ठनए समाचारगाजीपुर में व्यापारी के पुत्र विनीत राय का हत्यारा ढेर

गाजीपुर में व्यापारी के पुत्र विनीत राय का हत्यारा ढेर

-एक दिन पूर्व सपा सांसद ने सरकार को घेरा था!

मनोज श्रीवास्तव / लखनऊ

होटल व्यवसायी आलोक राय उर्फ डब्लू के पुत्र विनीत राय हत्याकांड में नामजद और एक लाख रुपये के इनामी आरोपी कमलेश चौधरी बिंद को बुधवार देर शाम पुलिस मुठभेड़ में मारा गया। मुठभेड़ के दौरान स्वाट टीम प्रभारी रोहित मिश्रा भी गोली लगने से घायल हो गए। उन्हें तत्काल मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है। पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा ने बताया कि बुधवार शाम मुखबिर से सूचना मिली थी कि विनीत राय हत्याकांड का आरोपी कमलेश चौधरी कोतवाली क्षेत्र के कुर्था स्थित पौहारी बाबा आश्रम के पास छिपा हुआ है। सूचना के आधार पर पुलिस और स्वाट टीम ने संयुक्त रूप से इलाके की घेराबंदी कर दी।
एसपी के अनुसार पुलिस टीम ने आरोपी को आत्मसमर्पण करने की चेतावनी दी, लेकिन उसने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। आरोपी की गोली स्वाट टीम प्रभारी रोहित मिश्रा को लग गई, जिससे वह घायल हो गए। इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की। जवाबी फायरिंग में कमलेश चौधरी गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। एसपी ने बताया कि कमलेश चौधरी विनीत राय हत्याकांड में वांछित था और उसकी गिरफ्तारी पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया गया था। पुलिस पूरे मामले की विधिक कार्रवाई कर रही है। मुठभेड़ की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारियों में हलचल मच गई। मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा। घटना के बाद क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है।
मंगलवार को घोसी से सपा सांसद राजीव राय ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त किया था। उन्होंने प्रदेश सरकार और प्रशासनिक तंत्र पर गंभीर सवाल उठाये थे। राय ने आरोप लगाया था कि पीड़ित परिवार वर्ष 2023 से सुरक्षा की गुहार लगा रहा था, लेकिन किसी स्तर पर सुनवाई नहीं हुई। सांसद ने परिवार से मुलाकात के बाद मीडिया से बातचीत में कहा कि यह घटना केवल एक आपराधिक वारदात नहीं, बल्कि प्रशासनिक लापरवाही का परिणाम है। उन्होंने दावा किया कि पीड़ित परिवार ने मुख्यमंत्री, डीजीपी, मुख्य सचिव समेत कई अधिकारियों को शिकायतें भेजी थीं, लेकिन कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई।

अन्य समाचार