आईपीएल २०२६ में कोलकाता नाइट राइडर्स ने जोरदार प्रदर्शन करते हुए सनराइजर्स हैदराबाद को ७ विकेट से पराजित किया। यह केकेआर की इस सीजन में तीसरी जीत रही और लगातार पांच बार हार के बाद टीम ने जीत की हैट्रिक लगाकर शानदार वापसी की है। पहले बल्लेबाजी करते हुए हैदराबाद ने १६५ रन बनाए। एक समय उनका स्कोर १ विकेट पर १०५ रन था, लेकिन ट्रेविस हेड के आउट होते ही पूरी टीम लड़खड़ा गई और अंतिम ९ विकेट मात्र ६० रनों के भीतर गिर गए। केकेआर के गेंदबाजों ने दबाव बनाकर मैच का रुख बदल दिया। लक्ष्य का पीछा करते हुए केकेआर ने आक्रामक शुरुआत की। पावरप्ले में ही टीम ने १ विकेट पर ७१ रन बना लिए और जीत की नींव रख दी। फिन एलन ने १३ गेंदों पर २९ रन की तेज पारी खेली, जबकि कप्तान अजिंक्य रहाणे ने ३६ गेंदों पर ४३ रन बनाकर पारी को स्थिरता दी। युवा बल्लेबाज अंगकृष रघुवंशी ने ४७ गेंदों पर ५९ रन की अहम पारी खेली। अंत में रिंकू सिंह ने ११ गेंदों पर २२ रन बनाकर और वैâमरून ग्रीन ने नाबाद रहकर टीम को १९वें ओवर में जीत दिलाई। केकेआर की यह जीत प्लेऑफ की उम्मीदों को मजबूत करती है।
