मुख्यपृष्ठनए समाचारलखनऊ में अतिक्रमण की कार्रवाई का विरोध कर रहे वकीलों पर लाठीचार्ज!

लखनऊ में अतिक्रमण की कार्रवाई का विरोध कर रहे वकीलों पर लाठीचार्ज!

मनोज श्रीवास्तव / लखनऊ

इलाहाबाद हाईकोर्ट के आदेश पर रविवार को वकीलों के अवैध चैंबर तोड़ने पहुंची नगर निगम और पुलिस की टीम का जिला कोर्ट के वकीलों से तीखा टकराव हो गया। नाराज अधिवक्ताओं ने सड़क पर उतरकर जमकर प्रदर्शन किया और “गो बैक” तथा “पुलिस प्रशासन मुर्दाबाद” के नारे लगाए।

स्थिति उस समय और तनावपूर्ण हो गई, जब एक युवा वकील ने अपने चैंबर को अंदर से बंद कर लिया और फांसी लगाने की धमकी देने लगा। इसके बाद कुछ अन्य वकीलों ने भी खुद को चैंबर में बंद कर लिया। कई वकील बुलडोजर के सामने खड़े हो गए और कार्रवाई रोकने की कोशिश करने लगे।

हालात बिगड़ते देख पुलिस ने बल प्रयोग किया और चैंबर तोड़कर वकीलों को बाहर निकाला। इस दौरान प्रदर्शन कर रहे वकीलों और पुलिस के बीच जमकर धक्का-मुक्की और पथराव हुआ। पथराव कर रहे वकीलों को काबू में करने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे कुछ वीडियो में पुलिसकर्मी वकीलों पर लाठियां बरसाते नजर आ रहे हैं। वहीं वकील भी पुलिस टीम पर लगातार पथराव करते दिखाई दिए। पुलिस ने उपद्रव कर रहे लोगों को खदेड़कर मौके से हटाया। इस घटना में कई प्रदर्शनकारी घायल हुए हैं।

नगर निगम की टीम ने चैंबरों पर बुलडोजर चलाने के साथ वहां रखी कुर्सियां और चटाइयां भी गाड़ियों में भरकर जब्त कर लीं। तनावपूर्ण माहौल के बीच एक वकील अपने चैंबर को बचाने के लिए पुलिसकर्मियों से गुहार लगाता नजर आया। मौके पर चार एसीपी, पीएसी और 10 थानों की पुलिस फोर्स तैनात रही।

गौरतलब है कि वर्ष 2020 में सदर तहसील इलाके में कुछ वकीलों के चैंबर तोड़े गए थे। इस मामले में इलाहाबाद हाईकोर्ट की लखनऊ खंडपीठ ने उत्तर प्रदेश सरकार से जवाब मांगा था। इसी मामले में 7 मई को हाईकोर्ट ने अतिक्रमण हटाने का आदेश दिया था। इसके बाद 12 मई को नगर निगम की टीम ने अवैध चैंबरों पर लाल निशान लगाकर नोटिस जारी किए थे। रविवार को भारी पुलिस बल के साथ पहुंची नगर निगम की टीम ने अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू कर दी।

अन्य समाचार