उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में एक दर्दनाक घटना ने खुशियों को मातम में बदल दिया। शादी के लिए निकला दूल्हा अपनी बारात के साथ दुल्हन के घर जा रहा था, लेकिन रास्ते में उस पर जानलेवा हमला कर दिया गया। फूलों से सजी कार में बैठे दूल्हे को निशाना बनाकर बदमाशों ने ताबड़तोड़ गोलियां चलाईं, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद बारात में अफरा-तफरी मच गई। लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। बताया जा रहा है कि हमलावर पहले से ही घात लगाए बैठे थे और दूल्हे के पहुंचते ही उन्होंने हमला कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, गोलियों की आवाज सुनकर इलाके में दहशत पैâल गई।
इस वारदात के बाद दूल्हे के घर में कोहराम मच गया है। जिस घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं, वहां अब मातम पसरा हुआ है। परिजन रो-रोकर बेहाल हैं। दुल्हन पक्ष के लोग भी इस घटना से सदमे में हैं और पूरे इलाके में शोक का माहौल है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में पुरानी रंजिश की आशंका जताई जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों की पहचान करने के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और चश्मदीदों से पूछताछ की जा रही है।
घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया है। एहतियात के तौर पर पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में अपराध की घटनाएं बढ़ रही हैं और पुलिस की गश्त पर्याप्त नहीं है। फिलहाल पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। अधिकारियों का दावा है कि जल्द ही इस मामले का खुलासा कर दिया जाएगा और दोषियों को कड़ी सजा दिलाई जाएगी। इस घटना ने एक बार फिर कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। लोग अब खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं और प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
