मुख्यपृष्ठनए समाचारसिलिंडर की कतार में टूटीं सांसें! ... पंजाब के बाद यूपी में गई...

सिलिंडर की कतार में टूटीं सांसें! … पंजाब के बाद यूपी में गई एक और जान

– धूप में घंटों लाइन में खड़े रहना बन रही मौत की वजह
उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद शहर में गैस सिलिंडर लेने गए एक बुजुर्ग की हार्ट अटैक से मौत हो गई। मृतक के बेटे ने बताया कि पिता गैस सिलिंडर लेने के लिए लाइन में खड़े थे, तभी अचानक उनकी तबीयत बिगड़ी और वे बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़े। आनन-फानन उन्हें एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। हालांकि, इस मामले से जुड़ा एक वीडियो भी वायरल हो रहा है, जिसमें जमीन पर पड़े एक बुजुर्ग को दो युवक बारी-बारी से सीपीआर दे रहे हैं। मामले की जानकारी देते हुए गढ़ी खानखाना मोहल्ले के मृतक के बेटे शाहनवाज ने कहा कि उनके पिता ७५ वर्षीय मुख्तार अंसारी सुबह साढ़े छह बजे घर से सिलिंडर लेने निकले थे, गैस सिलिंडर लेने के लिए लाइन में लगे थे। करीब नौ बजे वे अचानक से बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़े।

पंजाब में भी हुई थी बुजुर्ग की मौत
बता दें कि शुक्रवार को पंजाब से भी एक दर्दनाक खबर सामने आई थी। यहां पर एलपीजी सिलिंडर लेने के लिए आए एक बुजुर्ग की मौत हो गई। यह घटना पंजाब के बरनाला जिले में हुई है। बताया जाता है कि ६६ वर्षीय बुजुर्ग सिलिंडर लेने के लिए सुबह ही लाइन में लग गया था।

गोरखपुर में गई युवक की जान
एक तरफ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कह रहे हैं कि प्रदेश में गैस सिलिंडर की कमी नहीं है, दूसरी ओर चक्कर काटते-काटते लोगों की जान चली जा रही है। ताजा मामला गोरखपुर जिले के बांसगांव थाना क्षेत्र का है, जहां करहल गांव में शुक्रवार को सड़क हादसे में १४ वर्षीय किशोर आयुष साहनी की मौत हो गई। किशोर गैस सिलिंडर लेने के लिए एजेंसी गया था, तभी रास्ते में अज्ञात वाहन की चपेट में आ गया।

 

अन्य समाचार