सामना संवाददाता / मुंबई
आम लोगों को सस्ते घर देने वाली म्हाडा की मुंबई बोर्ड ने २,५०० घरों के लिए लॉटरी निकालने की तैयारी पूरी कर ली है। लॉटरी के लिए विज्ञापन इस महीने के आखिर तक प्रकाशित किया जाएगा। मुंबई के विभिन्न इलाकों के घर इस लॉटरी में शामिल हैं। आवेदकों की लॉटरी अप्रैल में निकाली जाएगी।
मुंबई में सभी का सपना अपना घर होता है। आसमान छूती घरों की कीमत से लोगों के पसीने छूट रहे हैं। इसी चलते लोगों का झुकाव म्हाडा के घरों की ओर होता है, जिसकी लॉटरी का इंतजार लोग करते रहते हैं। अप्रैल के महीने में २५०० विविध श्रेणी के घरों के साथ म्हाडा लॉटरी लेकर आ रहा है।
मुंबई बोर्ड सभी श्रेणी के करीब ५,००० घरों के लिए लॉटरी निकालने की तैयारी में था। इसके मुताबिक, अलग-अलग इनकम ग्रुप के करीब २,५०० घरों के लिए लॉटरी का विज्ञापन इसी महीने के अंत में आयेगा। लॉटरी का विज्ञापन प्रकाशित होने के बाद एप्लीकेशन भरने के लिए एक महीने का समय दिया जाएगा। बोर्ड अप्रैल के आखिर तक मिले एप्लीकेशन की लॉटरी निकालने का प्लान बनाया है। इस लॉटरी में मागठाणे, प्रतीक्षा नगर, विक्रोली और मुंबई के अलग-अलग हिस्सों में स्थित घर शामिल हैं।
म्हाडा मुंबई बोर्ड के मुख्य अधिकारी मिलिंद बोरिकर ने बताया कि इस बार पात्रा चॉल के घर पूरी तरह बनकर तैयार नहीं है जिसके चलते इस लॉटरी में उन घरों को शामिल नहीं किया गया है।
