मनोज श्रीवास्तव / लखनऊ
धर्म परिवर्तन न करने पर महिला को सिगरेट से दागने के आरोपी दिलीप उर्फ गफ्फार को मुरादाबाद पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। मेरठ निवासी आरोपी को पुलिस ने कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया। कटघर थाना क्षेत्र में रहने वाली महिला ने कोतवाली में केस दर्ज कराया था। पीड़िता ने बताया था कि एक साल पहले वह अपने बीमार पति का इलाज कराने मेरठ गई थी। महिला के साथ उसके सास-ससुर भी थे। इसी दौरान अस्पताल में मेरठ के नंदपुर मझरा बेहरामपुर निवासी युवक मिल गया और उसने अपना नाम दिलीप बताकर बातचीत शुरू कर दी।
करीब एक माह बाद महिला के पति की मौत हो गई थी। इसके बाद परिजन शव लेकर मुरादाबाद आ गए। कुछ दिन बाद आरोपी भी मुरादाबाद आ गया और उसने महिला के सास-ससुर से बातचीत की। पीड़िता ने बताया कि सास-ससुर ने उसकी शादी दिलीप के साथ करा दी थी। कोतवाली क्षेत्र में शादी कराई गई थी। इसके बाद आरोपी महिला को मेरठ ले गया था।
मेरठ जाकर महिला को पता चला कि दिलीप का असली नाम गफ्फार है। महिला ने इसका विरोध किया तो आरोपी ने उसके साथ मारपीट की और उसे घर में कैद कर लिया। आरोपी ने महिला पर धर्म परिवर्तन का दबाव बनाया। महिला ने विरोध किया तो आरोपी ने उसे सिगरेट से दागा और तरह-तरह की यातनाएं दीं। इस संदर्भ में एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह ने बताया कि आरोपी गफ्फार को रेलवे स्टेशन के पास से गिरफ्तार कर लिया गया है। कोर्ट में पेश के करने के बाद उसे जेल भेज दिया गया।