मुंबई में लकड़ी-कोयले से पक रहा खाना
धीरेंद्र उपाध्याय / मुंबई
महाराष्ट्र के कई शहरों में रसोई गैस की सप्लाई ठप पड़ने से हालात गंभीर होते जा रहे हैं। मुंबई के कई होटलों में किचन से गैस ऑफ हो चुकी है और अब चूल्हे ऑन कर लकड़ी-कोयले पर खाना पकाया जा रहा है। मुंबई, पुणे और छत्रपति संभाजीनगर समेत कई शहरों में एलपीजी की भारी किल्लत के कारण एजेंसियों के बाहर लंबी कतारें लग रही हैं, जबकि कई जगह गैस बुकिंग के फोन नंबर भी बंद कर दिए गए हैं। इससे होटल कारोबार से लेकर आम घरों की रसोई तक पर संकट गहरा गया है।
ईरान-इजरायल-अमेरिका के बीच जारी युद्ध जैसी स्थिति की सीधी मार अब महाराष्ट्र पर पड़ने लगी है। राज्य के लगभग सभी शहरों में रसोई गैस की भारी किल्लत पैदा हो गई है। इसके कारण गैस एजेंसियों के सामने नागरिकों की लंबी-लंबी कतारें लग रही हैं। वहीं सरकार द्वारा व्यावसायिक गैस आपूर्ति पर रोक लगाए जाने से होटल व्यवसायी भी मुश्किल में फंस गए हैं। हालांकि, इस संकट के बीच कई होटल मालिकों ने चूल्हे जलाकर किसी तरह अपना व्यवसाय जारी रखने की कोशिश शुरू कर दी है। राज्य के मुंबई, पुणे, नागपुर, नासिक, ठाणे, छत्रपति संभाजीनगर, सोलापुर, कोल्हापुर जैसे प्रमुख शहरों समेत कई जिलों में गैस आपूर्ति बाधित होने की शिकायतें सामने आ रही हैं। कई उपभोक्ताओं ने ऑनलाइन और फोन के जरिए सिलेंडर बुकिंग कराई है लेकिन समय पर डिलीवरी नहीं हो रही। पिछले कुछ दिनों में गैस एजेंसियों के बाहर का नजारा और भी गंभीर हो गया है। कई जगह लोग एजेंसी खुलने से पहले ही सुबह-सुबह कतार में खड़े हो जाते हैं। महिलाओं से लेकर बुजुर्गों तक सभी को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है।
