मुख्यपृष्ठअपराधदूल्हा आजाद बिंद हत्याकांड का मुख्य आरोपी पुलिस एनकाउंटर में ढेर

दूल्हा आजाद बिंद हत्याकांड का मुख्य आरोपी पुलिस एनकाउंटर में ढेर

-आमने-सामने की फायरिंग में थाना प्रभारी केके सिंह को लगी गोली

डॉ. मंगलेश्वर त्रिपाठी / जौनपुर

उत्तर प्रदेश के जौनपुर में पुलिस ने दूल्हा आजाद बिंद हत्याकांड के मुख्य आरोपी को मुठभेड़ में मार गिराया है। आमने-सामने की फायरिंग में पुलिस ने इस बदमाश को ढेर कर दिया। इस आरोपी को पकड़ने के लिए पुलिस ने पहले ही एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया था।
इस मुठभेड़ में जौनपुर के लाइन बाजार थाने के प्रभारी निरीक्षक केके सिंह को भी गोली लग गई। वह गंभीर रूप से घायल हुए हैं। उनके बाएं हाथ में गोली लगी है।
जौनपुर में चर्चित दूल्हा आजाद बिंद हत्याकांड के फरार आरोपितों में से एक को पुलिस ने मुठभेड़ में मार गिराया है। इस मामले में अब तक 13 सहयोगियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, चर्चित दूल्हा आजाद बिंद हत्याकांड में नामजद फरार तीनों आरोपितों में से एक को पुलिस ने मुठभेड़ में ढेर कर दिया। तीनों आरोपियों पर एक-एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया गया था। एसआईटी के साथ ही एसटीएफ की टीम अन्य फरार आरोपितों की लगातार तलाश कर रही थी। पुलिस ने मिले इनपुट के आधार पर सोमवार भोर में आरोपी को मार गिराया।
सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के बड़उर गांव निवासी 24 वर्षीय आजाद बिंद का विवाह खेतासराय थाना क्षेत्र के बीबीपुर (जमदहां) निवासी एक युवती के साथ तय हुआ था।
एक मई की रात बारात लेकर जाते समय, घर से लगभग सात किलोमीटर दूर खेतासराय के बादशाही बाजार के पास करीब 8:30 बजे बाइक सवार नकाबपोश हमलावरों ने कार रोककर आजाद बिंद की गोली मारकर हत्या कर दी थी और फरार हो गए थे।
आजाद बिंद के पिता की तहरीर पर तीनों आरोपितों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस शरणदाताओं और सहयोगियों के रूप में अब तक 13 लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है।

अन्य समाचार