मुख्यपृष्ठनए समाचारमहायुति में ‘मल’युद्ध!..अब सीएम ने भी दिखाए तेवर

महायुति में ‘मल’युद्ध!..अब सीएम ने भी दिखाए तेवर

रामदिनेश यादव / मुंबई

आगामी दिनों में महाराष्ट्र में मनपा सहित स्थानीय स्वराज्य संस्थाओं के चुनाव होने वाले हैं। इन चुनावों को देखते हुए सभी राजनीतिक दलों ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। मगर इस चुनाव से पहले ही महायुति में ‘मल’युद्ध के संकेत मिल रहे हैं। खासकर सीटों के बंटवारे और वर्चस्व की लड़ाई में भाजपा, शिंदे गुट और अजीत पवार गुट तीनों धड़ों में जोरदार टकराव अभी से देखने को मिल रहा है, जिससे इनके अलग-अलग चुनाव लड़ने की संभावना प्रबल दिख रही है। ऐसा साफ संकेत राज्य के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने दिया है।
पार्टी नेतृत्व करेगा फैसला
फडणवीस ने साफ कहा कि जहां बात बनेगी, वहीं तक साथ लड़ेंगे, अन्यथा अलग-अलग लड़ेंगे। एक साथ लड़ने और नहीं लड़ने का फैसला हमारे अध्यक्ष व पार्टी के शीर्ष नेता करेंगे।
शिंदे और दादा गुट हुआ भाजपा से नाराज!
सीएम देवेंद्र फडणवीस ने संकेत दिया है कि भाजपा स्थानीय निकायों के चुनाव अपने बल पर और अलग लड़ सकती है। सूत्रों की मानें तो उनके इस बयान से शिंदे गुट और अजीत पवार गुट में भाजपा के प्रति नाराजगी बढ़ी है।
बता दें कि महायुति के तीनों प्रमुख घटक दल मनपा चुनाव सहित स्थानीय स्वराज्य संस्थाओं के चुनाव के लिए सक्रिय हो चुके हैं, लेकिन एक साथ नहीं लड़ेंगे, ऐसी चर्चा सीएम के बयान के बाद तेज हो गई है। क्या महायुति के घटक दल ये चुनाव एक साथ लड़ेंगे या अलग-अलग? इस सवाल पर अब खुद मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि भाजपा में इस प्रकार का निर्णय लेने का अधिकार हमारे अध्यक्ष, कार्याध्यक्ष और हमारी चुनाव समिति को है। किसी और को इस बारे में फैसला लेने का अधिकार नहीं है। हम महायुति के साथ ही चुनाव लड़ने का प्रयास करेंगे।
मैत्रीपूर्ण मुकाबला
अगर किसी जगह ऐसा संभव नहीं हो पाया, तो वहां मैत्रीपूर्ण मुकाबला होगा। चंद्रशेखर बावनकुले ने कहा कि हमने अपने पार्टी कार्यकर्ताओं को ऐसे निर्देश दिए हैं। स्थानीय स्तर पर उनकी बातचीत भी शुरू हो चुकी है। अगर कहीं गंभीर विवाद हुआ तो सिर्फ वहीं मैत्रीपूर्ण लड़ाई होगी।
जोरदार खटपट
महायुति में पिछले कुछ दिनों से जोरदार खटपट चल रही है। भाजपा की तरफ से शिंदे गुट और अजीत पवार गुट को दबाने का प्रयास किया जा रहा है। जिसके बाद इन दोनों गुट के नेताओं ने भाजपा के प्रति कड़ी नाराजगी जताई है। आगामी स्थानीय नगर निगम के चुनावों में भाजपा शिंदे गुट और अजीत पवार गुट को मजबूत होने से रोकने के लिए जहां अभी से तैयारी में जुट गई है तो वहीं ये दोनों भाजपा से आगे बढ़ने के लिए एड़ी-चोटी का जोर लगा रही हैं।

अन्य समाचार