जेदवी / मुंबई
मुंबई में मानसून की दस्तक के साथ ही मालवणी के निवासियों और दुकानदारों की चिंता बढ़ गई है। पहली हल्की बारिश ने ही इलाके में चल रहे अधूरे सड़क और गटर निर्माण कार्यों की पोल खोल दी है। मालवणी नंबर ८ बस डिपो के सामने एमएचबी कॉलोनी रोड पर पिछले ढाई महीने से सड़क और गटर निर्माण का काम चल रहा है, लेकिन आज तक यह कार्य पूरा नहीं हो पाया है।
यह सड़क इलाके की प्रमुख सड़कों में गिनी जाती है। यहां बड़ी संख्या में दुकानें हैं और रोजाना हजारों लोगों की आवाजाही होती है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि निर्माण कार्य शुरू करने के बाद पूरी सड़क खोदकर छोड़ दी गई, लेकिन काम बेहद धीमी गति से चल रहा है। कई जगह गटर के टूटे हुए ब्लॉक सड़क पर ही पड़े हैं, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय दुकानदारों का कहना है कि यदि थोड़ी देर भी तेज बारिश हुई तो अधूरा गटर कार्य और सड़क पर पैâली गंदगी का पानी सीधे उनकी दुकानों और आसपास के घरों में घुस सकता है। इससे बड़े आर्थिक नुकसान की आशंका है। पहले ही सड़क निर्माण के कारण पिछले दो महीनों से व्यापार प्रभावित है। चिंता की बात यह भी है कि इस मार्ग से लगभग एक दर्जन स्कूलों के विद्यार्थी गुजरते हैं। स्कूल शुरू होने को है, लेकिन बच्चों के लिए सुरक्षित रास्ते की व्यवस्था अब तक नहीं हुई है।
स्थानीय निवासियों व दुकानदारों ने उठाए सवाल
स्थानीय निवासियों और दुकानदारों ने सवाल उठाया है कि आखिर इस लापरवाही का जिम्मेदार कौन है? मनपा ठेकेदारों के भरोसे काम छोड़ देती है और फिर आम जनता को परेशानियों का सामना करना पड़ता है। मानसून शुरू हो चुका है, लेकिन मालवणी में विकास कार्य अब भी अधूरे हैं। ऐसे में अगर भारी बारिश हुई तो उसके दुष्परिणामों की जिम्मेदारी कौन लेगा?
