रवीन्द्र मिश्रा / मुंबई
अक्षय तृतीया के अवसर पर मुंबई के प्रसिद्ध देवी मंदिर मुंबादेवी में प्रत्येक वर्ष की तरह इस वर्ष भी अंबा यानि आम महोत्सव मनाया जा रहा है। मुंबादेवी मंदिर के व्यवस्थापक हेमंत जाधव बताते हैं कि महाराष्ट्र में आम की पैदावार सबसे ज्यादा होती है। यहां का हापुस आम पूरे विश्व में प्रसिद्ध है। मुंबादेवी महाराष्ट्र के लोगों की कुल देवी है। इसलिए आम उत्पादन करने वाले किसान अक्षय तृतीया के दिन अपने बगीचे का आम लाकर मां के चरणों में अर्पित करते हैं। किसानों व्यापारियों तथा देवी भक्तों द्वारा लाए गए आम से मां का श्रृंगार किया जाता है। बाद में दूसरे दिन वह आम भक्तों को प्रसाद के रूप में वितरित कर दिया जाता है। आम निर्यात करने वाले व्यापारी भी विदेशों में अपना माल भेजने से पहले मां के चरणों में अपने व्यापार की मंगल कामना करते हैं। इस वर्ष 19 अप्रैल रवीवार के दिन अक्षय तृतीया पड़ रही है।इस दिन भारी संख्या में देवी भक्त एकत्रित होकर इस आम महोत्सव का दर्शन कर अपने को भाग्यशाली मानते हैं।
