मुख्यपृष्ठअपराधमानसरोवर पार्क थाना पुलिस ने केवल 4 घंटे में शातिर चोर को...

मानसरोवर पार्क थाना पुलिस ने केवल 4 घंटे में शातिर चोर को किया गिरफ्तार

योगेश कुमार सोनी / पूर्वी दिल्ली

थाना मानसरोवर पार्क की क्रेक टीम ने त्वरित एवं सराहनीय कार्रवाई करते हुए दिनदहाड़े हुई घर में चोरी की घटना में शामिल एक शातिर चोर को मात्र 04 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। बीती 12 अप्रैल को थाना एमएस पार्क में शिकायतकर्ता के घर में दिन के समय चोरी होने की पीसीआर कॉल प्राप्त हुई। तत्परता से कार्रवाई करते हुए थाना एम.एस. पार्क में ई-एफआईआर संख्या 80030259/26 दिनांक 12 अप्रैल को धारा 305(a)/331(3) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया।
इस मामले की जांच हेतु एक विशेष टीम का गठन किया गया, जिसमें एसआई संदीप, एएसआई सुनील कुमार, हेड कॉन्स्टेबल अनुज, हेड कॉन्स्टेबल प्रदीप तथा हेड कांस्टेबल जितेंद्र शामिल थे। इस टीम का नेतृत्व इंस्पेक्टर राजेश कुमार मिश्रा, एसएचओ/एम.एस. पार्क द्वारा किया गया। पूरी कार्रवाई एसीपी सीमापुरी मुकेश कुमार के निकट पर्यवेक्षण तथा डीसीपी शाहदरा के मार्गदर्शन में की गई।
टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए घटनास्थल व आस-पास के सीसीटीवी फुटेज एकत्र कर उनका गहन विश्लेषण किया। स्थानीय मुखबिर तंत्र को सक्रिय कर आरोपी की पहचान शकील इरफान @ इरफान @ नाटा निवासी न्यू सीमापुरी, दिल्ली के रूप में की गई, जिसका आपराधिक इतिहास भी सामने आया। तकनीकी निगरानी एवं मानवीय सूचना के आधार पर आरोपी को सीमापुरी क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने खुलासा किया कि वह नशे का आदी है और अपनी लत पूरी करने के लिए घरों में चोरी करता है। अन्य चोरी का सामान बरामद करने के प्रयास जारी हैं। मामले की जांच प्रगति पर है।

अन्य समाचार