मनोज श्रीवास्तव/लखनऊ
लखीमपुर खीरी। थाना भीरा क्षेत्र के मोहल्ला सलामत नगर भट्ठा में गली से बाइक निकालने को लेकर हुए विवाद ने खूनी रूप ले लिया। मारपीट में घायल बुजुर्ग की इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतक के परिजनों ने पांच लोगों के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। इस घटना से एक दिन पहले दूसरे पक्ष ने मृतक के पुत्रों समेत चार लोगों पर मारपीट की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
बुजुर्ग की मौत की सूचना पर गोला के क्षेत्राधिकारी (सीओ) रमेश चंद तिवारी भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
गांव सलामत नगर भट्ठा निवासी नौशाद ने बताया कि छह मई को दोपहर करीब तीन बजे उनके पिता मौलाना चांद, छाजू राम कॉलेज के पास टहल रहे थे। तभी गली में बाइक निकालने को लेकर उनके छोटे भाई शादाब अली से बाबू, शाहरुख, रेहान, गामा और अफसाना पत्नी बाबू की कहासुनी हो गई। आरोप है कि कहासुनी के बाद सभी ने मिलकर मौलाना चांद को लाठी-डंडों और लात-घूंसों से पीट दिया। गंभीर अंदरूनी चोटें लगने पर परिजन उन्हें आयुष्मान अस्पताल ले गए, जहां बृहस्पतिवार सुबह करीब तीन बजे इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
छह मई को ही दूसरे पक्ष के बाबू की तहरीर पर मृतक के पुत्रों साजिद, लूका, नौशाद और नूर खान के खिलाफ भीरा थाने में मारपीट का मामला दर्ज किया गया था। इस मामले की विवेचना वरिष्ठ उपनिरीक्षक अवनीश कुमार कर रहे हैं।
घटना के संबंध में भीरा थानाध्यक्ष रोहित दुबे ने बताया कि मौलाना चांद की मौत के मामले में उनके पुत्र नौशाद की तहरीर पर बाबू, गामा, अफसाना और रेहान के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज की गई है। नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित कर दी गई है। दोनों पक्षों की तहरीर पर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
