मुख्यपृष्ठनए समाचारमेट्रो प्रोजेक्ट बना खतरा ...मुलुंड में चलती कार पर गिरा लकड़ी का...

मेट्रो प्रोजेक्ट बना खतरा …मुलुंड में चलती कार पर गिरा लकड़ी का ढांचा!

-वाहन हुआ चकनाचूर
– बाल-बाल बची डॉक्टर

जेदवी / मुंबई
मुंबई में मेट्रो परियोजनाओं के नाम पर चल रही लापरवाही अब सीधे आम मुंबईकरों की जान पर भारी पड़ती दिख रही है। निर्माणाधीन मेट्रो लाइन ४ (वडाला–कासारवडवली) के मुलुंड स्थित साइट पर सोमवार, २७ अप्रैल  को एक और चौंकाने वाली घटना सामने आई, जिसने सुरक्षा व्यवस्थाओं की पोल खोल दी। शुरुआत में एमएमआरडीए अधिकारियों ने इस घटना से ही पल्ला झाड़ने की कोशिश की। बाद में मामला सामने आने पर जांच के आदेश दिए गए।
सुबह करीब १०:१५ से ११:०० बजे के बीच मुलुंड (पश्चिम) के व्यस्त रोड पर, एनइग्मा सोसायटी और फोर्टिस हॉस्पिटल के पास मेट्रो के एलिवेटेड स्ट्रक्चर से लगभग ‘३ बाई ८’ फीट भारी लकड़ी का टुकड़ा नीचे आ गिरी। यह लकड़ी सीधे सड़क से गुजर रही एक कार पर जा गिरा। कार फोर्टिस हॉस्पिटल की डॉ. अनीता मैथ्यू की थी। गनीमत रही कि इस हादसे में उनकी जान बच गई, लेकिन कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर कब तक ‘गनीमत’ के भरोसे मुंबईकर जिंदा रहेंगे? हैरानी की बात यह है कि यह घटना उसी जगह से महज १० मीटर की दूरी पर हुई, जहां दो महीने पहले ही कंक्रीट स्लैब गिरने से एक व्यक्ति की मौत हो चुकी है। बावजूद इसके न तो ठेकेदार सुधरे और न ही प्रशासन ने कोई सख्त कदम उठाया। क्या किसी बड़ी जानलेवा दुर्घटना का इंतजार किया जा रहा है? स्थानीय विधायक मिहिर कोटेचा ने इस पूरे मामले को गंभीर लापरवाही करार देते हुए ठेकेदार का कॉन्ट्रैक्ट तुरंत रद्द करने की मांग की है और पुलिस में शिकायत दर्ज करने के निर्देश दिए हैं। लेकिन सवाल वही कि क्या सिर्फ बयानबाजी से मुंबईकरों की सुरक्षा सुनिश्चित होगी? और तो और शुरुआत में एमएमआरडीए अधिकारियों ने इस घटना से ही पल्ला झाड़ने की कोशिश की।

अन्य समाचार