-दुकानदार वसूल रहे मुंहमांगे दाम गैस संकट के डर से लोग कर रहे खरीदारी
जेदवी / मुंबई
मिडिल ईस्ट में जारी युद्ध का असर अब सीधे आम आदमी की रसोई तक पहुंचता दिखाई दे रहा है। घरेलू एलपीजी गैस की संभावित किल्लत और बढ़ती कीमतों की आशंका के चलते मुंबई समेत देश के कई शहरों में लोग गैस के विकल्प के तौर पर इंडक्शन यानी इलेक्ट्रिक चूल्हों की ओर तेजी से रुख कर रहे हैं। अचानक बढ़ी मांग के कारण बाजार में इंडक्शन चूल्हों का स्टॉक तेजी से खत्म हो रहा है, वहीं कई दुकानदार इसका फायदा उठाकर ग्राहकों से मनमाने दाम वसूल रहे हैं। बाजार से मिली जानकारी के मुताबिक, सामान्य दिनों में जहां इंडक्शन चूल्हों की बिक्री सीमित रहती थी, वहीं पिछले कुछ दिनों में इसकी मांग में अचानक कई गुना उछाल देखा गया है। ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म पर भी इंडक्शन चूल्हों की बिक्री में तेज बढ़ोतरी दर्ज की गई है। कई बाजारों में तो महज तीन दिनों के भीतर इंडक्शन चूल्हों की कीमतों में २० से २५ प्रतिशत तक की बढ़ोतरी हो चुकी है।
गृहिणियों का कहना है कि गैस सिलिंडर की बढ़ती कीमत और आपूर्ति को लेकर बनी अनिश्चितता के कारण वे एहतियात के तौर पर इंडक्शन चूल्हा खरीदना चाहती हैं, लेकिन बढ़ती मांग के कारण उन्हें काफी परेशानी झेलनी पड़ रही है। मुंबई की गृहिणी किरण सिंह ने बताया कि वह पिछले तीन दिनों से लगातार डीलरों के पास इंडक्शन चूल्हा खरीदने जा रही हैं, लेकिन अभी तक उन्हें यह उपलब्ध नहीं हो पाया है। उनके मुताबिक, कई दुकानों पर स्टॉक पूरी तरह खत्म हो चुका है और नया माल समय पर नहीं पहुंच पा रहा है, क्योंकि अचानक से मांग काफी बढ़ गई है।
ऑनलाइन बिक्री ३० गुना बढ़ी
ऑनलाइन में पिछले चार दिनों में रेट को लेकर काफी बढ़ोतरी हुई है। ऑनलाइन बुकिंग में जो इंडक्शन डिस्काउंट के बाद १,१००-१,२०० में मिल रहा था, वहीं अब २,००० रुपए में बिक रहा है। प्रतिदिन यह कीमत बढ़ती जा रही है।
कई दुकानों पर स्टॉक खत्म हो गया है
मालवानी स्थित ‘शांति स्टील’ दुकान के मालिक जीतू जैन ने बताया कि उनके यहां इंडक्शन चूल्हों का स्टॉक तीन दिन पहले ही खत्म हो गया। नया माल आने में अभी तीन-चार दिन और लग सकते हैं। उन्होंने बताया कि पहले दिनभर में मुश्किल से एक-दो इंडक्शन चूल्हे बिकते थे, लेकिन अब प्रतिदिन २० से २५ ग्राहक इंडक्शन खरीदने के लिए दुकान पर पहुंच रहे हैं। सीमित स्टॉक होने के कारण माल जल्दी खत्म हो गया।
