सामना संवाददाता / मुंबई
शिवसेना नेता व युवासेनाप्रमुख आदित्य ठाकरे ने इलेक्ट्रिक वाहनों में फोटोसेशन कर रहे महायुति सरकार के मंत्रियों पर आज जोरदार हमला बोला। उन्होंने सवाल उठाया कि मंत्री महंगी ईवी में घूमते हुए फोटो खिंचवा रहे हैं, लेकिन जिन आम लोगों के लिए ईवी खरीदना संभव नहीं है, उनका क्या? साथ ही उन्होंने बेस्ट और मेट्रो का किराया कम करने की मांग भी की।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने र्इंधन बचाने के लिए इलेक्ट्रिक वाहनों के इस्तेमाल का आह्वान किया था। इसके बाद राज्य की महायुति सरकार के मंत्री एक के बाद एक इलेक्ट्रिक कारें खरीद रहे हैं। साथ ही वे इन लग्जरी कारों में बैठकर मीडिया के सामने फोटोसेशन भी कर रहे हैं। इसी मुद्दे को लेकर आदित्य ठाकरे ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर महायुति सरकार की आलोचना की है। आदित्य ठाकरे ने कहा कि महाविकास आघाड़ी सरकार ने वर्ष २०२१ में ईवी नीति लागू की थी। इस नीति के तहत वर्ष २०२२ से सभी मंत्रियों, सरकारी विभागों और स्थानीय स्वराज्य संस्थाओं के लिए नई ईवी गाड़ियां ही खरीदने या किराए पर लेना अनिवार्य किया गया था, लेकिन महायुति सरकार ने इस नीति को ठंडे बस्ते में डाल दिया है और अब केवल प्रचार के लिए मंत्री और विधायक ईवी खरीद रहे हैं। सरकार सिर्फ अपनी सुविधा और राजनीतिक लाभ के लिए काम कर रही है। ईवी इस्तेमाल हो रही है, लेकिन बिजली भी सस्ती होनी चाहिए।
