मुख्यपृष्ठनए समाचारमीरा रोड का दंगा ... कपड़ा व्यापारी है मुख्य आरोपी! ... अब...

मीरा रोड का दंगा … कपड़ा व्यापारी है मुख्य आरोपी! … अब तक २८ गिरफ्तार

सामना संवाददाता / मीरारोड
मीरारोड स्थित नयानगर में गत २२ जनवरी को हुए दंगे के बाद अब माहौल शांत है। पुलिस ने एक कपड़ा व्यापारी को यहां हुए दंगे का मुख्य आरोपी बनाया है। २१ जनवरी की रात को दो समुदायों में हुई झड़प के बाद देर रात इस व्यापारी ने एक भड़काऊ वीडियो फेसबुक पर अपलोड किया था। इसके बाद अगले दिन शहर में कई जगहों पर दंगे जैसी स्थिति बन गई थी। पुलिस ने इस कपड़ा व्यापारी को गिरफ्तार करके उसें दंगे का मुख्य आरोपी बनाया है।
बता दें कि पुलिस लगातार सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपियों की पहचान करने में जुटी हुई है। पुलिस सूत्रों ने बताया कि २१ जनवरी को नया नगर में एक बाइक सवार द्वारा सड़क पार कर रही एक महिला को टक्कर मारने के बाद यह घटना दंगे में बदल गई। हालांकि, घटना के बाद स्थिति सामान्य हो गई थी, लेकिन देर रात करीब १ बजे कपड़ा विक्रेता ने भड़काऊ भाषण वाला वीडियो अपलोड किया था। वीडियो अपलोड करते ही दो घंटे के भीतर ही वह सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसके बाद यह वीडियो तेजी से लोगों के व्हॉट्सऐप से फॉरवर्ड किया जाने लगा। इस वीडियो को करीब दस लाख से अधिक बार देखा गया। इस वीडियो के वायरल होने के बाद ही २२ जनवरी को कथित तौर पर दंगा हुआ।
कपड़ा व्यापारी पर आईपीसी की धारा १५३ए और ५०५ के साथ आईटी अधिनियम की विभिन्न धाराएं लगाई गई हैं। इस मामले में अब तक २८ लोगों को गिरफ्तार किया गया है। बाकी लोगों की सीसीटीवी फुटेज की मदद से पहचान की जा रही है। दंगों में शामिल सभी लोगों को गिरफ्तार किया जाएगा।

अन्य समाचार