मुख्यपृष्ठअपराधस्टेशन-स्टेशन घूमता था मोबाइल चोर गैंग, नैनी पुलिस ने 45 एंड्रॉयड फोन...

स्टेशन-स्टेशन घूमता था मोबाइल चोर गैंग, नैनी पुलिस ने 45 एंड्रॉयड फोन संग दबोचा

राजेश सरकार / प्रयागराज

संगम नगरी की नैनी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मोबाइल चोरी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह के एक सदस्य को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से विभिन्न कंपनियों के 45 एंड्रॉयड टचस्क्रीन मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।
सोमवार को नैनी पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर चकबबूरा अलीमाबाद तालाब के पास घेराबंदी कर आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक आरोपी अपने दो साथियों के साथ चोरी के मोबाइल लेकर गांव भागने की फिराक में था, लेकिन पुलिस को देखकर भागने लगा। इस दौरान उसके दो साथी फरार हो गए, जबकि मोनू पुलिस के हत्थे चढ़ गया।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ थाना नैनी में धारा 317(2)/317(5) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पूछताछ में आरोपी ने चौंकाने वाला खुलासा करते हुए बताया कि उसका गिरोह प्रयागराज के अलग-अलग रेलवे स्टेशनों और ट्रेनों में सफर करने वाले यात्रियों की रेकी करता था। मौका मिलते ही यात्रियों की जेब, पर्स और बैग से मोबाइल फोन चोरी कर लिए जाते थे। चोरी के मोबाइल राहगीरों को सस्ते दामों में बेच दिए जाते थे।
आरोपी ने यह भी कबूला कि जिन मोबाइलों का लॉक खुल जाता था, उनसे यूपीआई आईडी के जरिए ऑनलाइन शॉपिंग भी की जाती थी। पुलिस अब फरार दो अन्य आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है।

अन्य समाचार