अनिल मिश्र / पटना
देश में हाल ही में पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव समाप्त होने के बाद डीजल और पेट्रोल की कीमतों में हुई बढ़ोतरी पर कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। कांग्रेस नेताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को “महंगाई मैन” बताते हुए आरोप लगाया कि केंद्र सरकार चुपके-चुपके आम जनता की जेब काट रही है।
इस संबंध में बिहार प्रदेश कांग्रेस कमिटी के प्रदेश प्रतिनिधि प्रो. विजय कुमार मिट्ठू, पूर्व विधायक मोहम्मद खान अली, जिला कांग्रेस अध्यक्ष बाबूलाल प्रसाद सिंह, दामोदर गोस्वामी, विपिन बिहारी सिन्हा, इंटक के महासचिव टिंकू गिरी, विशाल कुमार, रूपेश चौधरी, अशोक राम, राहुल चंद्रवंशी, सुजीत गुप्ता तथा राम विलास शर्मा समेत अन्य नेताओं ने कहा कि डीजल और पेट्रोल करीब आठ रुपये प्रति लीटर महंगा होने से भाड़ा, खाद्य सामग्री तथा अन्य आवश्यक वस्तुओं के दाम बढ़ गए हैं। इससे गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है।
नेताओं ने आरोप लगाया कि इस स्थिति के लिए पूरी तरह सरकार जिम्मेदार है, लेकिन इसकी कीमत आम जनता को चुकानी पड़ रही है। उन्होंने इसे आम लोगों पर सीधा प्रहार बताते हुए मूल्य वृद्धि तत्काल वापस लेने की मांग की। कांग्रेस नेताओं ने यह भी कहा कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट के बावजूद भारत में ईंधन के दाम बढ़ाए जा रहे हैं, जिससे जनता में नाराजगी बढ़ रही है।
