मुख्यपृष्ठनए समाचारमोदी ने की अडानी बचाओ डील!

मोदी ने की अडानी बचाओ डील!

– ट्रेड डील की आड़ में हुआ रिहाई का सौदा

– पीएम पर राहुल गांधी का तीखा हमला

सामना संवाददाता / नई दिल्ली

अमेरिका के साथ ट्रेड डील की आड़ में उद्योगपति गौतम अडानी को बचाने की कोशिश का आरोप लगाते हुए लोकसभा नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तीखा हमला बोला है। राहुल गांधी ने दावा किया कि सरकार देशहित से ज्यादा अपने करीबी उद्योगपतियों के हित साधने में जुटी है। राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म `एक्स’ पर पोस्ट करते हुए कहा कि समझौता करने वाले प्रधानमंत्री ने व्यापार समझौता नहीं किया, बल्कि अडानी की रिहाई का सौदा किया है।
अमेरिका में भारतीय उद्योगपति गौतम अडानी से जुड़े कथित रिश्वतखोरी और धोखाधड़ी मामले में अब बड़ा मोड़ आता दिखाई दे रहा है। अमेरिकी न्याय विभाग गौतम अडानी के खिलाफ चल रहे आपराधिक धोखाधड़ी के आरोप वापस लेने की तैयारी में है। इसी मामले को लेकर लोकसभा के नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने शुक्रवार पीएम मोदी पर बड़ा हमला बोला। राहुल गांधी की यह प्रतिक्रिया उन रिपोर्ट्स के बाद आई है, जिनमें कहा गया कि अमेरिकी सरकार गौतम अडाणी के खिलाफ दायर मुकदमे को सुलझाने पर सहमत हो गई है। दरअसल, अमेरिका में दायर मुकदमे में आरोप लगाया गया था कि अडाणी समूह ने भारत में अपनी बड़ी सौर ऊर्जा परियोजना को आगे बढ़ाने के लिए कथित रिश्वतखोरी योजना को छिपाया और निवेशकों को गुमराह किया। गुरुवार को प्रकाशित अदालत के दस्तावेजों के मुताबिक, अमेरिकी सरकार इस मामले के निपटारे के लिए तैयार हो गई है। कांग्रेस महासचिव और संचार प्रभारी जयराम रमेश ने भी प्रधानमंत्री मोदी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि अब यह साफ हो गया है कि प्रधानमंत्री ने एकतरफा और अमेरिका के पक्ष में झुके भारत-अमेरिका व्यापार समझौते को क्यों स्वीकार किया।
१७२ करोड़ रुपए जुर्माने के साथ मामला सेटल!
अमेरिका के शेयर बाजार रेगुलेटर के साथ अपने विवादों को सुलझाने के लिए उद्योगपति गौतम अडानी को मोटी रकम के साथ सेटलमेंट करना पड़ रहा है। गौतम अडानी और उनके भतीजे सागर अडानी इस मामले को सेटल करने के लिए के १८ मिलियन डॉलर यानी तकरीबन १७२ करोड़ रुपए देने को सहमत हो गए हैं।

अन्य समाचार