सामना संवाददाता / मुंबई
देश में पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों और ईंधन संकट को लेकर कांग्रेस ने बुधवार को दादर में बड़ा आंदोलन किया। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने दादर स्थित इंडिया बुल्स कार्यालय के सामने रास्ता रोको आंदोलन करते हुए केंद्र और राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। आंदोलन में शामिल सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने आम लोगों के बीच मेलोडी चॉकलेट बांटी और पेट्रोल, डीजल, एलपीजी तथा सीएनजी की बढ़ती कीमतों को लेकर भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। प्रदर्शन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के खिलाफ जोरदार नारे लगाए गए।
मीडिया से बातचीत में कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल ने कहा कि देश में पेट्रोल और डीजल की किल्लत है, गैस सिलेंडर गायब हैं। ईंधन की कीमतें लगातार बढ़ रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि महंगाई से जनता त्रस्त है, किसानों को उनकी उपज का उचित दाम नहीं मिल रहा, लेकिन भाजपा सरकार पूरी तरह बेपरवाह बनी हुई है।
जनता पर संकट बढ़ा
सपकाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर हमला बोलते हुए कहा कि उनके सत्ता में आने के बाद देश की जनता पर संकट लगातार बढ़ता गया है। वहीं मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि अगर राज्य में पेट्रोल-डीजल का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है तो फिर पेट्रोल पंपों पर लंबी कतारें क्यों दिखाई दे रही हैं?
