मुख्यपृष्ठनए समाचारमोदी की अपील पर मुंबई में छिड़ा ‘कार काफिला’ विवाद!.. भाजपा को...

मोदी की अपील पर मुंबई में छिड़ा ‘कार काफिला’ विवाद!.. भाजपा को विपक्ष ने घेरा

सामना संवाददाता / मुंबई

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा पेट्रोल-डीजल का कम इस्तेमाल करने और सार्वजनिक परिवहन, खासकर मेट्रो को प्राथमिकता देने की अपील के बाद महाराष्ट्र की राजनीति में नया विवाद खड़ा हो गया है। एनसीपी के विधायक रोहित पवार ने बीजेपी मुंबई अध्यक्ष अमित साटम पर जमकर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि नालासफाई निरीक्षण दौरे के दौरान उनके साथ २५ गाड़ियों का काफिला चलता है। ये लोग मोदी की अपील पर गौर क्यों नहीं करते हैं।
रोहित पवार ने इस पूरे मामले का वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए सवाल उठाया कि जब प्रधानमंत्री खुद र्इंधन बचाने और सार्वजनिक परिवहन अपनाने की बात कर रहे हैं, तब बीजेपी नेता इतनी बड़ी गाड़ियों के काफिले के साथ क्यों घूम रहे हैं।
रोहित पवार के आरोपों पर जवाब देते हुए अमित साटम ने तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि सड़क पर चल रहीं सभी गाड़ियों को उनके काफिले का हिस्सा बताना बेहद भ्रामक और बचकाना प्रयास है। साटम ने स्पष्ट किया कि मुंबई में नाला सफाई का यह आधिकारिक निरीक्षण दौरा था, जिसमें सह-पालकमंत्री, विधायक, सभागृह नेता, स्थायी समिति अध्यक्ष, नगरसेवक और बीएमसी के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे। उन्होंने कहा कि काफिले में केवल ७ से ८ गाड़ियां थीं, लेकिन रोहित पवार ने सड़क पर मौजूद अन्य वाहनों को भी जोड़कर २५ गाड़ियों का काफिला बताने की कोशिश की।
रोहित पवार का फिर पलटवार
अमित साटम के बयान के बाद रोहित पवार ने भी सोशल मीडिया पर दोबारा हमला बोला, जिससे दोनों नेताओं के बीच ट्विटर वॉर और तेज हो गया है। राजनीतिक गलियारों में अब इस विवाद को लेकर चर्चा गर्म है कि प्रधानमंत्री की अपील पर शुरू हुई बहस अब व्यक्तिगत आरोप-प्रत्यारोप तक पहुंच चुकी है।

अन्य समाचार