उत्तराखंड के माननीय गवर्नर लेफ्टिनेंट जनरल श्री गुरमीत सिंह ने अमर उजाला की ओर से आयोजित समर्पण सम्मान समारोह में शहीदों के परिजनों, पूर्व सैनिकों एवं एनसीसी कैडेट्स और स्काउट्स को सम्मानित किया। मुरादाबाद के पंचायत भवन में आयोजित इस समारोह में गुरुकुल चोटीपुरा की स्नातक तृतीय वर्ष की दो छात्राएं श्रेया और काव्या को भी सम्मानित होने का गौरव प्राप्त हुआ।
दोनों छात्राएं 9 यूपी गर्ल्स बटालियन एनसीसी, मुरादाबाद के अंतर्गत आने वाली कैडेट्स हैं। इन्हें गणतंत्र दिवस परेड 2026 में उत्कृष्ट सहभागिता के लिए उत्तराखंड के माननीय राज्यपाल द्वारा मेडल पहनाकर सम्मानित किया गया।
सम्मान समारोह में अमर उजाला, मुरादाबाद संस्करण के रेजिडेंट एडिटर श्री पुनीत शर्मा भी मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान इन कैडेट्स से महिम ने संक्षिप्त संवाद किया। उन्होंने पढ़ाई के साथ-साथ परिवार और भविष्य की योजनाओं के बारे में भी जानकारी ली तथा दोनों छात्राओं को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
उल्लेखनीय है कि इस वर्ष गणतंत्र दिवस परेड में गुरुकुल की कुल चार छात्राओं ने भाग लिया था, जिनमें दो छात्राएं एनएसएस और दो छात्राएं एनसीसी की ओर से शामिल हुई थीं। श्रेया की रुचि योगासन, तलवारबाजी और भाला चलाने जैसी गतिविधियों में है, जबकि काव्या को भी तलवारबाजी के साथ-साथ खेलकूद में विशेष रुचि है।
