मुख्यपृष्ठसमाचारबेटी की हत्यारिन मां बोली, “उसे गरीबी से मुक्ति दे दी” ...पुलिस...

बेटी की हत्यारिन मां बोली, “उसे गरीबी से मुक्ति दे दी” …पुलिस बोली- पति-पत्नी के बीच चल रहा था विवाद

मनोज श्रीवास्तव/लखनऊ

उरई में एक मासूम बच्ची के लिए गरीबी काल बन गई। जिस मां ने बेटी को जन्म दिया, उसी ने उसे मौत की नींद सुला दिया। गरीबी और घरेलू कलह ने एक मां की मनोदशा को इस कदर प्रभावित कर दिया कि उसने अपनी ही बेटी का गला घोंटकर हत्या कर दी।

बेटी की हत्या के बाद जब पुलिस ने आरोपी मां से पूछताछ की, तो उसके चेहरे पर किसी प्रकार के पछतावे के भाव नहीं दिखाई दिए। उसने कहा, “मैंने बेटी को गरीबी के नरक से मुक्ति दे दी। हमारे खाने का ठिकाना नहीं है। उसे कैसे पढ़ाते और कहां उसका विवाह करते। दर-दर भटकने और गरीबी में जिंदगी काटने से अच्छा था कि वह मर जाए।”

मां के हाथों मासूम की हत्या की खबर से पूरे गांव में शोक का माहौल है। शुक्रवार को कई पड़ोसी घरों में चूल्हे तक नहीं जले और महिलाएं अपनी बेटियों को सीने से लगाए रहीं।

यह झकझोर देने वाली घटना अकबरपुर इटौरा गांव की है। गांव निवासी राजकुमार मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करता है। परिवार में उसकी बुजुर्ग मां, पत्नी विनीता और तीन बच्चे हैं।

राजकुमार ने बताया कि गुरुवार रात सभी लोग भोजन करने के बाद सो गए थे। देर रात गर्मी लगने पर उसकी नींद खुली तो उसने देखा कि बेटी अपनी जगह पर नहीं है। कमरे के एक कोने में उसकी पत्नी बच्ची के गले में पड़ा गमछा हटाती दिखाई दी। शक होने पर उसने बच्ची के गले से गमछा हटाया और पत्नी की तस्वीर मोबाइल से खींच ली।

राजकुमार के अनुसार पत्नी की भाव-भंगिमा देखकर उसे लगा कि कुछ अनहोनी हो चुकी है। इसके बाद वह चुपचाप बाहर निकला और पड़ोसियों को बुलाया। पड़ोसियों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। उस समय विनीता घर के एक कोने में बैठी थी। पुलिस ने बच्ची के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फॉरेंसिक टीम ने भी मौके से साक्ष्य जुटाए।

ग्रामीणों ने बताया कि पति-पत्नी के बीच पिछले कई दिनों से घरेलू विवाद चल रहा था। मामले में थाना प्रभारी अजय कुमार सिंह ने बताया कि आरोपी मां को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। शुरुआती जांच में पति-पत्नी के विवाद और बच्ची की परवरिश को लेकर महिला के मानसिक तनाव में रहने की बात सामने आई है।

अन्य समाचार