-आम आदमी के सस्ते भोजन पर पड़ने लगा असर
-गैस की कमी से बंद हो रहा ठेलेवालों का धंधा
सुनील ओसवाल / मुंबई
मध्यपूर्व में अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच जारी जंग की आंच अब मुंबई महानगर क्षेत्र तक पहुंचने लगी है। गैस और खाद्य तेल की कीमतों में बढ़ोतरी तथा एलपीजी सिलेंडर की घटती आपूर्ति के कारण मुंबई, ठाणे, कल्याण और डोंबिवली में आम आदमी का सबसे सस्ता नाश्ता वड़ा-पाव भी महंगा होने के कगार पर पहुंच गया है। हालात ऐसे बनते जा रहे हैं कि आने वाले दिनों में कई जगह वड़ा-पाव मिलना भी मुश्किल हो सकता है।
होटल और ठेला व्यवसायियों का कहना है कि व्यावसायिक एलपीजी सिलेंडर के दाम लगातार बढ़ रहे हैं और समय पर सिलेंडर मिलना भी कठिन हो गया है। इसके कारण छोटे होटल, वड़ा-पाव स्टॉल और नाश्ते के ठेले भारी आर्थिक दबाव में आ गए हैं। अगर यही स्थिति कुछ दिन और बनी रही तो वड़ा-पाव की कीमत बढ़ाना मजबूरी बन जाएगी। ठाणे के एक प्रसिद्ध वड़ा-पाव विक्रेता के अनुसार, रोजाना दो से तीन गैस सिलेंडर की जरूरत पड़ती है, लेकिन फिलहाल एक सिलेंडर का इंतजाम करना भी मुश्किल हो गया है। कई बार बाजार से ज्यादा कीमत देकर सिलेंडर लेना पड़ रहा है। गैस के बढ़ते खर्च और खाद्य तेल की कीमतों में वृद्धि ने छोटे व्यवसायियों की कमर तोड़ दी है।
एलपीजी सिलेंडर के दामों में हाल के दिनों में तेज बढ़ोतरी हुई है। ५ किलो के सिलेंडर के लिए अब लगभग ५४९ रुपए चुकाने पड़ रहे हैं, जबकि १४.२ किलो के घरेलू सिलेंडर की कीमत करीब ९१३ रुपए तक पहुंच गई है। वहीं होटल और अन्य व्यावसायिक उपयोग के लिए मिलने वाले सिलेंडर की कीमत करीब १,८३५ रुपए हो गई है, जिसमें हाल ही में ११३ रुपए की बढ़ोतरी हुई है।
गैस वितरकों के अनुसार, कंपनियों से आने वाली सप्लाई कुछ कम हो गई है, जिससे खासतौर पर व्यावसायिक सिलेंडर की उपलब्धता प्रभावित हो रही है। घरेलू ग्राहकों को प्राथमिकता दिए जाने के कारण होटल और छोटे खाद्य व्यवसाय चलाने वालों को और ज्यादा परेशानी झेलनी पड़ रही है।
मुंबई महानगर क्षेत्र में हजारों छोटे होटल, वड़ा-पाव स्टॉल और पोली-भाजी केंद्र रोजाना बड़ी मात्रा में गैस का उपयोग करते हैं। लेकिन गैस की बढ़ती कीमत और घटती आपूर्ति ने इस पूरे कारोबार को संकट में डाल दिया है। कई व्यवसायियों का कहना है कि लागत इतनी बढ़ गई है कि मुनाफा लगभग खत्म हो गया है और कर्मचारियों का वेतन देना भी कठिन होता जा रहा है।
तो बंद करना ही अंतिम विकल्प
व्यवसायियों का कहना है कि यदि जल्द ही गैस की आपूर्ति सामान्य नहीं हुई तो वड़ा-पाव की कीमत बढ़ाना या कुछ ठेले और छोटे होटल बंद करना ही अंतिम विकल्प बचेगा। ऐसे में होटल और वड़ा-पाव विक्रेताओं ने सरकार से मांग की है कि एलपीजी की आपूर्ति तुरंत बढ़ाई जाए और व्यावसायिक सिलेंडर की कीमतों पर नियंत्रण किया जाए, अन्यथा आने वाले दिनों में मुंबई, ठाणे, कल्याण और डोंबिवली जैसे शहरों में आम आदमी के लिए वड़ा-पाव भी आसानी से उपलब्ध नहीं रहेगा।
