मुख्यपृष्ठनए समाचारमुंबई में बढ़ती गर्मी की परवाह नहीं... पेड़ काटो और कंक्रीट डालो!.....

मुंबई में बढ़ती गर्मी की परवाह नहीं… पेड़ काटो और कंक्रीट डालो!.. आदित्य ठाकरे का महायुति पर तंज

सामना संवाददाता / मुंबई

मुंबई और उपनगरों में लगातार बढ़ रही गर्मी को लेकर शिवसेना नेता, युवासेनाप्रमुख और विधायक आदित्य ठाकरे ने महायुति सरकार पर जोरदार हमला बोला है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि बढ़ती गर्मी की समस्या का सरकार के पास एक ही उपाय है, पेड़ों को काटना और उनकी जगह कंक्रीट डालो। इस संबंध में उन्होंने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट किया है।
बता दें कि मुंबई शहर और उपनगरों में एक बार फिर गर्मी का प्रकोप बढ़ने लगा है। पिछले कुछ दिनों तक सामान्य स्तर पर रहने वाला अधिकतम तापमान रविवार को लगातार दूसरे दिन तेजी से बढ़ा। इसी दौरान हवा की गुणवत्ता भी गिर गई और प्रदूषण में वृद्धि हुई। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में गर्मी और बढ़ने की संभावना जताई है। मार्च में तीव्र रही गर्मी का असर अप्रैल के पहले सप्ताह में कुछ कम हुआ था, लेकिन दूसरे सप्ताह में तापमान फिर से बढ़ गया। सोमवार को बोरीवली में ३९.३ डिग्री, सांताक्रुज में ४० डिग्री, चेंबूर में ४२.४ डिग्री, नवी मुंबई में ४४.१ डिग्री और ठाणे में ४८.६ डिग्री तापमान दर्ज किया गया। ये आंकड़े ‘मुंबई रेंस’ नामक हैंडल से साझा किए गए। इसी संदेश को आगे बढ़ाते हुए आदित्य ठाकरे ने महायुति सरकार पर तंज कसा। उन्होंने कहा कि जैसे-जैसे मुंबई का तापमान बढ़ रहा है, वैसे-वैसे पर्यावरण का संतुलन भी बिगड़ता जा रहा है। सरकार का समाधान केवल पेड़ काटना और निर्माणकर्ताओं को अधिक कंक्रीट डालने की अनुमति देना है, जो बेहद चिंताजनक है।

अन्य समाचार