मुख्यपृष्ठस्तंभमर्डर मिस्ट्री : एलिसा लैम की मौत का रहस्य

मर्डर मिस्ट्री : एलिसा लैम की मौत का रहस्य

 एम.एम.एस.

साल २०१३, सेसिल होटल। फरवरी का महीना था। होटल में ठहरे कई मेहमानों ने शिकायत करनी शुरू कर दी-नल से गंदा और बदबूदार पानी आ रहा था। किसी ने कहा पानी का स्वाद अजीब है तो किसी ने चाय तक पीने लायक नहीं बताई। लगातार मिल रही शिकायतों से परेशान होकर होटल स्टाफ ने छत पर लगी पानी की टंकियों की जांच करने का पैâसला किया। जब कर्मचारी छत पर पहुंचे तो उन्होंने देखा कि एक टंकी का ढक्कन खुला हुआ है। जैसे ही उन्होंने अंदर झांका, उनके होश उड़ गए-टंकी में एक युवती की सड़ी-गली लाश तैर रही थी। बाद में पहचान हुई कि वह २१ वर्षीया कनाडाई टूरिस्ट एलिसा लैम थी, जो कई दिनों से लापता थी। एलिसा २६ जनवरी २०१३ को लॉस एंजेलिस घूमने आई थी और इसी होटल में ठहरी थी। उसे बायपोलर डिसऑर्डर था इसलिए उसने अपने माता-पिता से रोज संपर्क में रहने का वादा किया था। लेकिन १ फरवरी के बाद उसका संपर्क पूरी तरह टूट गया, जिसके बाद उसके परिवार ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। जांच के दौरान पुलिस को होटल का एक सीसीटीवी फुटेज मिला, जिसने इस केस को और भी रहस्यमयी बना दिया। वीडियो में एलिसा लिफ्ट के अंदर अजीब हरकतें करती दिखाई देती है-वह बार-बार बटन दबाती है, दरवाजे के बाहर झांकती है, जैसे किसी से डर रही हो या किसी का इंतजार कर रही हो। कुछ पलों में वह लिफ्ट के बाहर जाकर किसी अदृश्य शख्स से बात करती नजर आती है, जबकि वहां कोई दिखाई नहीं देता। सबसे हैरान करने वाली बात यह थी कि लिफ्ट के सारे बटन दबाने के बावजूद दरवाजा लंबे समय तक बंद नहीं होता। यही एलिसा की आखिरी रिकॉर्डिंग थी, जिसमें वह जिंदा दिखाई दी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत की वजह डूबना बताई गई, लेकिन यह साफ नहीं हो सका कि यह आत्महत्या थी या हत्या। रिपोर्ट में किसी तरह के नशीले पदार्थ या हिंसा के सबूत भी नहीं मिले। इस केस में कई सवाल आज भी अनसुलझे हैं-एलिसा होटल की छत तक वैâसे पहुंची, जबकि वहां आम लोगों की एंट्री नहीं थी? पानी की टंकी का भारी ढक्कन उसने वैâसे खोला? अगर वह आत्महत्या करना चाहती थी तो उसने इतना जटिल तरीका क्यों चुना? और सबसे बड़ा सवाल-वह लिफ्ट में किससे बात कर रही थी? लॉस एंजेलिस पुलिस विभाग ने इस मामले की जांच की, लेकिन कोई ठोस निष्कर्ष नहीं निकल सका। आखिरकार इस केस को दुर्घटनावश मौत मानकर बंद कर दिया गया। आज भी एलिसा लैम की मौत एक रहस्य बनी हुई है, जो लोगों को सोचने पर मजबूर कर देती है—क्या यह सिर्फ एक हादसा था, या इसके पीछे कोई अनदेखी सच्चाई छिपी है?

अन्य समाचार