राष्ट्रीय स्तर पर छात्रों ने रचा कीर्तिमान
सामना संवाददाता / मुंबई
आईसीएसई परीक्षा परिणाम 2026 में एन. एल. डालमिया हाईस्कूल के विद्यार्थियों ने राष्ट्रीय स्तर पर शानदार सफलता हासिल कर विद्यालय का नाम रोशन किया है। छात्रों की मेहनत, प्रतिभा और उत्कृष्ट प्रदर्शन से स्कूल की प्रतिष्ठा में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। इस वर्ष परीक्षा में विद्यालय के छात्र सोनित देवपुरा ने शत प्रतिशत 100 प्रतिशत अंक प्राप्त कर देशभर में प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं शिवांगी पटेल ने 99.80 प्रतिशत अंक लेकर दूसरा स्थान प्राप्त किया, जबकि अरकम अंसारी ने 99.60 प्रतिशत अंक अर्जित कर तीसरा स्थान हासिल किया।
विद्यालय प्रबंधन ने इसे केवल अंकों की सफलता नहीं, बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास, निरंतर परिश्रम और दृढ़ संकल्प का परिणाम बताया है। छात्रों की इस उपलब्धि ने पूरे विद्यालय परिवार और क्षेत्र में गर्व का माहौल बना दिया है। विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि यह उपलब्धि अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी और आने वाले वर्षों में भी छात्र शिक्षा के क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित करेंगे।
इस उल्लेखनीय सफलता पर विद्यालय के संस्थापक शिवकुमार डालमिया, शैलेश डालमिया और मुदित डालमिया, साथ ही विद्यालय की मुख्याध्यापिका डॉ. सीमा सैनी एवं समस्त शिक्षकगण ने विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
