अनिल मिश्र / पटना
मां निर्दोष सेवा केंद्र एवं हिंदी विभाग, गया कॉलेज के संयुक्त तत्वावधान में 16 एवं 17 मई को गया कॉलेज स्थित प्रेमचंद सभागार में “राष्ट्रकवि रामधारी सिंह दिनकर स्मृति-सह सम्मान समारोह” का आयोजन किया जाएगा। इस संबंध में कार्यक्रम के आयोजक हिमांशु शेखर ने बताया कि कार्यक्रम के उद्घाटनकर्ता के रूप में गया नगर विधायक एवं बिहार विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने अपनी उपस्थिति की सहमति प्रदान की है। समारोह में देश के विभिन्न विश्वविद्यालयों से शोधार्थी एवं साहित्यकार भाग लेंगे। इस कार्यक्रम के दौरान गयाजी के कई निजी एवं सरकारी विद्यालयों के छात्र-छात्राओं द्वारा रामधारी सिंह दिनकर की रचित कविताओं का पाठ भी किया जाएगा। आयोजन समिति के सदस्य डॉ. सत्येंद्र सिंह चंद्र एवं संजय अथर्व ने बताया कि युवाओं में साहित्य के प्रति रुचि एवं संवेदनशीलता विकसित करने की दिशा में यह आयोजन मील का पत्थर साबित होगा। इस आयोजन समिति से गहरे रूप से जुड़े उड़ीसा में प्राध्यापक के रूप में कार्यरत डॉ. रुद्रचरण मांझी ने कहा कि इस कार्यक्रम में पड़ोसी राज्य उत्तर प्रदेश, झारखंड और उड़ीसा से कई शोधार्थियों ने शामिल होने की सहमति प्रदान की है। समारोह को लेकर साहित्य प्रेमियों एवं शिक्षाविदों में उत्साह का वातावरण है।
