मनोज श्रीवास्तव / लखनऊ
योगी सरकार के मंत्री व सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर से अलग होकर महेंद्र राजभर ने सुहेलदेव स्वाभिमान पार्टी बनाई थी। कहा जाता है कि महेंद्र द्वारा नई पार्टी बनाने और कथित तौर अपने समाज में विघटन डालने से ओम प्रकाश राजभर के समर्थक नाराज थे। महेंद्र राजभर की पार्टी ने जौनपुर के जलालपुर थाना अंतर्गत आशापुर गांव में एक कार्यक्रम किया, जिसमें सुहेलदेव स्वाभिमान पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष महेंद्र राजभर के साथ मारपीट का वीडियो वायरल हो रहा है। संवाददाता वीडियो की सत्यता का दावा नहीं करता। मारपीट का आरोप यूपी सरकार के पंचायतराज व अल्पसंख्यक मंत्री ओम प्रकाश राजभर के समर्थक पर लगा है। वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि कैसे माला पहनाने वाला शख्स, जिसका नाम बृजेश राजभर है, उसने महेंद्र राजभर को कई थप्पड़ जड़ दिया।
जानकारी के मुताबिक, मंगलवार सुबह 10 बजे के सुहेलदेव स्वाभिमान पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष महेंद्र राजभर गांव में पहुंचे थे। यहां पर एक भूमि पूजन का कार्यक्रम आयोजित था। महेंद्र राजभर ने मीडिया से बातचीत के दौरान बताया कि जब उनके वक्तव्य की बारी आई तो उससे पहले बृजेश राजभर नाम के एक आदमी ने माला पहनाने के दौरान उनको थप्पड़ जड़ दिया। महेंद्र राजभर ने आरोप लगाया है कि बृजेश राजभर उद्दंड प्रवृत्ति का आदमी है। जमीन पर काम करने के बजाय वो धन उगाही में लगा हुआ, जिसको लेकर उसे पार्टी से निष्कासित कर दिया गया था। महेंद्र का आरोप है कि कुछ दिन पहले बृजेश राजभर ने मंत्री ओम प्रकाश राजभर से मुलाकात की थी। उनके ही शह पर ही बृजेश ने इस घटना को अंजाम दिया है।
मालूम हो कि महेंद्र राजभर, यूपी के कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर की सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के संस्थापक सदस्यों में से एक हैं, लेकिन, 2021 में वो सुभासपा से अलग हो गए थे। इसके बाद सुहेलदेव स्वाभिमान पार्टी बना ली थी। मगर 2 मई को समाजवादी पार्टी में शामिल हो गए। खुद अखिलेश यादव ने उनकी पार्टी में ज्वाइनिंग करवाई थी, जबकि थप्पड़ मारने वाला बृजेश राजभर, महेंद्र राजभर की सुहेलदेव स्वाभिमान पार्टी का पूर्व प्रदेश अध्यक्ष है। महेंद्र ने बृजेश के खिलाफ जलालपुर थाने में शिकायत की है। उन्होंने आरोप लगाया कि उनपर हमला मंत्री ओम प्रकाश राजभर के इशारे पर किया गया है। फिलहाल, पुलिस मामले की जांच कर रही है।