अनिल मिश्र / पटना
किलकारी बिहार बाल भवन, गया जी परिसर रंग और ज्ञान के समन्वय का साक्षी बना। राष्ट्रीय विज्ञान दिवस के अवसर पर प्रातः प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसके उपरांत अपराह्न होली मिलन समारोह धूमधाम और सांस्कृतिक उत्साह के साथ सम्पन्न हुआ। राष्ट्रीय विज्ञान दिवस के अवसर पर गया के विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम की शुरुआत विज्ञान के महत्व और वैज्ञानिक दृष्टिकोण के विकास पर आधारित परिचर्चा से हुई। इसके बाद प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें विज्ञान से संबंधित रोचक और ज्ञानवर्धक प्रश्न पूछे गए।
प्रतियोगिता में प्रथम स्थान शहीद आरक्षी मध्य विद्यालय, पुलिस लाइन, गया जी की छात्राओं ने प्राप्त किया। विजेता विद्यार्थियों को प्रमाण पत्र और मेडल प्रदान कर सम्मानित किया गया। अन्य प्रतिभागियों को भी सहभागिता प्रमाण पत्र देकर प्रोत्साहित किया गया।
इसके पश्चात किलकारी परिसर में होली मिलन समारोह का शुभारंभ पारंपरिक रीति रिवाजों के साथ किया गया। अतिथियों का तिलक लगाकर तथा किलकारी के बच्चों द्वारा तैयार हर्बल गुलाल भेंट कर स्वागत किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि पंडित सुरेंद्र पांडे, लोकगीत कलाकार, विशिष्ट अतिथि मनोज कुमार शर्मा, समाजसेवी, मनोज कुमार, वरिष्ठ संगीतकार, वरिष्ठ पत्रकार रूपक कुमार सिन्हा, प्रमंडल कार्यक्रम समन्वयक राजीव रंजन श्रीवास्तव, सहायक कार्यक्रम पदाधिकारी आकाश कुमार तथा प्रमंडल संसाधन सेवी सोनम कुमारी उपस्थित रहे। अतिथियों ने अपने संबोधन में बच्चों को सांस्कृतिक मूल्यों और उत्सवों के सकारात्मक महत्व से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि होली केवल रंगों का त्योहार नहीं, बल्कि प्रेम, सौहार्द और भाईचारे का प्रतीक है।
राजीव रंजन श्रीवास्तव ने कहा कि किलकारी बच्चों के सर्वांगीण विकास का केंद्र है, जहां शिक्षा, संस्कृति और संस्कार का समन्वय देखने को मिलता है। उद्घाटन सत्र के बाद सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आरंभ हुआ। कथक नृत्य “रंग डालूं नंद के लालन पे” से शुरुआत हुई। इसके बाद “मधुवन में खेले होली”, “रंग भीजल चुनरिया”, आदिवासी होली नृत्य, “हो फगुनवा में” और “पनिया लाल लाल” जैसी प्रस्तुतियों ने वातावरण को रंगमय बना दिया।
“मत डारो श्याम होली” और “बंगला उड़े अबीर” पर प्रशिक्षकों और कर्मियों की सामूहिक प्रस्तुति ने सभी को भावविभोर कर दिया। अंत में बच्चों ने मटका फोड़कर कार्यक्रम का समापन किया।
कार्यक्रम का सफल संचालन सहायक कार्यक्रम पदाधिकारी आकाश कुमार के नेतृत्व में हुआ। मंच संचालन में गौतम कुमार गोलू ने सहयोग किया। अंत में सोनम कुमारी ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया और सभी के प्रति आभार व्यक्त किया। उपस्थित जनसमूह ने एक दूसरे को अबीर गुलाल लगाकर प्रेम और सद्भाव का संदेश दिया।
किलकारी बिहार बाल भवन, गया जी द्वारा आयोजित यह कार्यक्रम बच्चों के लिए उत्सव के साथ साथ ज्ञान, संस्कृति और सामाजिक मूल्यों का प्रेरणादायी संगम सिद्ध हुआ।
