सामना संवाददाता / मुंबई
शिवसेनापक्षप्रमुख उद्धव ठाकरे महाविकास आघाड़ी का चेहरा हैं। यदि वे विधान परिषद जाते हैं तो यह स्वागतयोग्य होगा। कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल ने ऐसा स्पष्ट मत व्यक्त किया। सपकाल ने कल बांद्रा स्थित ‘मातोश्री’ निवास पर जाकर उद्धव ठाकरे से मुलाकात की। इस दौरान शिवसेना नेता संजय राऊत भी मौजूद थे। मुलाकात के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए सपकाल ने बताया कि इस बैठक में मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों और भविष्य की चुनौतियों पर विस्तृत चर्चा हुई। इससे पहले राष्ट्रवादी की तरफ से भी उद्धव ठाकरे से ऐसा आग्रह किया गया था।
उन्होंने कहा कि महाविकास आघाड़ी के तीनों दलों के बीच बेहतर संवाद बनाए रखने के उद्देश्य से यह बैठक आयोजित की गई थी। हालांकि, विधान परिषद चुनाव को लेकर इस बैठक में कोई विशेष चर्चा नहीं हुई। सपकाल ने बताया कि कांग्रेस पहले ही यह स्पष्ट कर चुकी है कि उद्धव ठाकरे को विधान परिषद का चुनाव लड़ना चाहिए और इस विषय पर अंतिम निर्णय महाविकास आघाड़ी के तीनों दल मिलकर लेंगे। इस दौरान सपकाल ने जैन मुनि नीलेशचंद्र के उस विवादित बयान पर भी प्रतिक्रिया दी, जिसमें नाथूराम गोडसे द्वारा महात्मा गांधी की हत्या का समर्थन किया गया था। उन्होंने कहा कि गांधी हत्या का समर्थन करना देश की संस्कृति के खिलाफ है और यह जैन धर्म के अहिंसा के सिद्धांतों का उल्लंघन है।
