– टॉयलेट में धोए बर्तन में परोसा जाता है भोजन
-आईआरसीटीसी स्टाफ के वायरल वीडियो से मची सनसनी
सामना संवाददाता / नई दिल्ली
भारतीय रेलवे में हर दिन लाखों लोग सफर करते हैं और बड़ी संख्या में यात्री ट्रेन में मिलनेवाला खाना भी खाते हैं। रेलवे और आईआरसीटीसी समय-समय पर यात्रियों को बेहतर सुविधा और साफ-सुथरा खाना देने के दावे करते रहते हैं, लेकिन सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो ने एक बार फिर रेलवे की वैâटरिंग व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो में आईआरसीटीसी का एक कर्मचारी ट्रेन के टॉयलेट में बर्तन धोता हुआ दिखाई दे रहा है।
वीडियो सामने आने के बाद लोगों में नाराजगी बढ़ गई है और कई यूजर्स रेलवे की सफाई व्यवस्था और खाने की क्वॉलिटी पर सवाल उठा रहे हैं। बताया जा रहा है कि यह मामला दुरंतो एक्सप्रेस ट्रेन का है। वीडियो वायरल होने के बाद फूड सेफ्टी एंड स्टैंडर्ड्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया यानी एफएसएसएआई ने भी मामले का संज्ञान लेते हुए आईआरसीटीसी को नोटिस जारी कर दिया है।
टॉयलेट सीट पर रखी हुई थी बर्तनों से भरी टोकरी
वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि ट्रेन के टॉयलेट के अंदर एक व्यक्ति यूज किए गए बर्तनों को साफ कर रहा है। उसके पास खाने के बर्तन रखे हुए नजर आते हैं, लेकिन सबसे ज्यादा चौंकानेवाली बात यह रही कि बर्तनों से भरी टोकरी बंद टॉयलेट सीट के ऊपर रखी हुई थी। वीडियो रिकॉर्ड कर रहे यात्री ने जब कर्मचारी से पूछा कि वह टॉयलेट में क्या कर रहा है तो वह पहले चुप दिखाई दिया। इसके बाद यात्री ने उससे नाम पूछा, जिस पर उसने अपना नाम सुरेश बताया। यात्री ने आगे सवाल किया कि वह किस कंपनी के लिए काम करता है। इसी दौरान वीडियो में बाहर खड़ा एक अटेंडेंट भी नजर आता है। जब उससे पूछा गया कि क्या उसे इस बारे में जानकारी है तो उसने पहले कहा कि उसने अभी यह देखा है। इसके बाद यात्री गुस्से में कहता है कि ट्रेन के टॉयलेट में बर्तन धोकर यात्रियों को खाना परोसा जा रहा है। वीडियो में अटेंडेंट यह भी कहता सुनाई देता है कि आमतौर पर यहां बर्तन नहीं धोए जाते और आज ऐसा क्यों हुआ, उसे इसकी जानकारी नहीं है।
