-आफरीन हुसैन बनीं नेता प्रतिपक्ष
सुरेश गोलानी / मुंबई
बुधवार को सम्पन्न हुए मीरा-भायंदर महानगरपालिका की महासभा में कांग्रेस पार्टी की नगरसेविका सय्यद आफरीन मुजफ्फर हुसैन को नेता प्रतिपक्ष (लीडर ऑफ अपोजिशन) और भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नगरसेवक एडवोकेट रवि व्यास को सभागृह नेता के पदों पर नियुक्त किया गया। महापौर डिंपल मेहता ने सभा के दौरान इन नियुक्तियों की औपचारिक घोषणा की। आफरीन कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व विधान परिषद सदस्य सय्यद मुजफ्फर हुसैन की बेटी हैं।
ज्ञात हो कि ९५ सदस्यीय मनपा में भाजपा के नगरसेवकों की संख्या ७८ है, जबकि कांग्रेस और शिंदे गुट के पास क्रमश: १३ और ३ नगरसेवकों का समावेश है। इसके अलावा भाजपा का एक बागी निर्दलीय चुनकर आया है, जिसने अपना समर्थन भाजपा को दिया है। कांग्रेस और शिंदे गुट के १६ सदस्यों ने मिलकर मीरा-भायंदर विकास आघाडी का गठन किया है। नियुक्ति के बाद आफरीन ने बताया कि ‘शहर के नागरिकों से जुड़े मुद्दों को न सिर्फ मजबूती से सदन में उठाने का काम करेंगे, बल्कि सत्ताधारी पक्ष को जवाबदेह बनाएंगे ताकि वे अपने बहुमत का दुरुपयोग न करें और जन कल्याण के प्रति उत्तरदायी रहें।’ आफरीन ने पानी, सड़क, स्वास्थ्य और बुनियादी सुविधाओं को प्राथमिकता देने की बात कही।
