केंद्रीय नीति आयोग ने महाराष्ट्र सरकार को चेताया
रामदिनेश यादव / मुंबई
देश में आर्थिक संकट को देखते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अपील के चलते महाराष्ट्र सहित देश की कई बड़ी परियोजनाओं पर संकट आ गया है। देश की आर्थिक समस्या को देखते हुए केंद्र के नीति आयोग ने भी राज्य की महायुति सरकार को चेताया है।
सूत्रों के अनुसार, नीति आयोग ने साफ कर दिया है कि आर्थिक स्थिति सुधरने तक किसी भी नई परियोजना की शुरुआत न करें। साथ ही जो परियोजना अभी पाइपलाइन में हैं उन्हें रोक दें। ऐसा सुझाव नीति आयोग की तरफ से दिया गया है। सूत्रों के अनुसार, दो दिन पहले नीति आयोग ने स्पष्ट रूप से महाराष्ट्र की महायुति सरकार सहित अन्य राज्यों की सरकारों को सुझाव देते हुए खर्च पर कंट्रोल की सख्त सलाह दी है।
फडणवीस का ड्रीम प्रोजेक्ट भी अटकेगा
केंद्रीय नीति आयोग के इस सुझाव के बाद प्रदेश में स्पष्ट हो चुका है कि आगामी दिनों में महायुति सरकार किसी भी नई परियोजना की घोषणा नहीं करेगी। साथ ही इस सुझाव का हवाला देते हुए कई चालू परियोजनाओं का काम भी अस्थायी तौर पर रोक दिया जाएगा। ऐसे में प्रदेश में फडणवीस के ड्रीम प्रोजेक्ट शक्ति पीठ, मेट्रो के कुछ प्रोजेक्ट, कोस्टल रोड ३ और चार भाग को भी फिलहाल रोक दिए जाने की संभावना है।
आर्थिक समस्याओं से घिरा है महाराष्ट्र
कर्ज लेने की तैयारी में थी सरकार
महाराष्ट्र पहले से ही आर्थिक समस्याओं के चलते चर्चा में है। महाराष्ट्र पर १० लाख करोड़ रुपए से ज्यादा का कर्ज हो गया है। आमदनी का ज्यादातर पैसा सरकार कर्मचारियों के वेतन और कर्ज के ब्याज चुकाने में ही खर्च कर देती हैं। ऐसे में कुछ परियोजनाओं के लिए सरकार कर्ज लेकर काम पूरा करने में जुटी है तो कुछ परियोजनाओं के लिए कर्ज लेने की तैयारी भी चल रही थी। पर अब नीति आयोग के सुझाव के बाद इन सब मामलों पर रोक लग जाएगी।
उल्लेखनीय है कि पीएम मोदी ने जनता से अपील की है कि देश में आर्थिक संकट के बीच लोग सोना न खरीदें, ईंधन बचाएं, डीजल पेट्रोल आदि पर खर्च कम करें। इसी के साथ-साथ उन्होंने वर्क प्रâॉम होम को बढ़ावा देने की अपील भी की है। साथ ही केंद्र सरकार की ओर से राज्य सरकारों को खर्च में कटौती करने के निर्देश दिए गए हैं। यहां तक कि मंत्रियों के काफिलों में भी कटौती करने के निर्देश दिए किए हैं। राज्य में आर्थिक संकट बढ़ता जा रहा है। प्रधानमंत्री की अपील का वास्तव में तो कोई असर नहीं दिखाई दिया। भाजपा सरकार के मंत्री ही पीएम मोदी की अपील की धज्जियां उड़ा रहे हैं।
