हिमांशु राज
बालाजी टेलीफिल्म्स के इस धमाकेदार कदम से एकता कपूर टैलेंट मैनेजमेंट में फिर से धमाल मचाने को तैयार हैं। एकता कपूर के नेतृत्व वाली बालाजी टेलीफिल्म्स ने टैलेंट मैनेजमेंट की दुनिया में कदम रखते हुए ‘हुनर’ लॉन्च करने की घोषणा की है। यह नई कंपनी कलाकारों को निखारने और एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री में कहानी कहने व परफॉर्मेंस के कल्चर को मजबूत करने के लिए समर्पित होगी।
‘हुनर’ का लक्ष्य बॉलीवुड और भारतीय टेलीविजन के मशहूर एक्टर्स व क्रिएटर्स को एकजुट करना है। यह प्लेटफॉर्म उनकी आर्टिस्टिक ग्रोथ को बढ़ावा देगा तथा बेहतरीन मौके उपलब्ध कराएगा। बालाजी की टैलेंट निखारने और यादगार कहानियां गढ़ने की विरासत को आगे बढ़ाते हुए यह पहल कलाकारों को सही मार्गदर्शन, मजबूत प्रतिनिधित्व और रचनात्मक माहौल प्रदान करेगी।
अपना विजन साझा करते हुए एकता कपूर बोलीं, “बालाजी में हमारा विश्वास रहा है कि टैलेंट सही माहौल और प्रोत्साहन से ही चमकता है। ‘हुनर’ कलाकारों को सिर्फ रिप्रेजेंट नहीं करेगा, बल्कि उन्हें गहराई से समझेगा। हम सोच-समझकर मार्गदर्शन देंगे, उनकी क्षमताओं के अनुरूप मौके तलाशेंगे तथा उनके लंबे सफर में साथ निभाएंगे। यह प्लेटफॉर्म उन्हें प्रयोग करने और अपनी पूरी क्षमता तक पहुंचने का अवसर देगा।” इस भव्य लॉन्च का जश्न फेयरमोंट मुंबई में एक एक्सक्लूसिव पार्टी के साथ मनाया जाएगा। बॉलीवुड और टेलीविजन के दिग्गज सितारे, इंडस्ट्री लीडर्स, क्रिएटर्स और मीडिया से जुड़े लोग इसमें शिरकत करेंगे।
एकता कपूर नए टैलेंट को हमेशा बढ़ावा देने के लिए जानी जाती हैं। उन्होंने इंडस्ट्री को कई सितारे दिए हैं और ‘हुनर’ के जरिए अपने विजन को और विस्तार दे रही हैं। बालाजी इस पहल के साथ एंटरटेनमेंट जगत में अपनी पकड़ और मजबूत कर रहा है—जहां कहानी कहने के जुनून के साथ कलाकारों को चमकने का खास मंच मिलेगा।
