मुख्यपृष्ठनए समाचारनवविवाहिता ने ससुराल में लगाई फांसी...मचा कोहराम

नवविवाहिता ने ससुराल में लगाई फांसी…मचा कोहराम

राजेश सरकार / प्रयागराज

यमुनानगर नैनी थाना क्षेत्र के काजीपुर मोहल्ले में चार दिन पहले ब्याह कर आई एक नवविवाहिता ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। नई नवेली बहू के फांसी लगाए जाने से कोहराम मचा है। घटना की जानकारी होते ही मायका में चीख-पुकार मची है। दूसरी ओर घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोड़कर शव को फंदे से नीचे उतारा और कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार काजीपुर निवासी गणेश केसरवानी पुत्र श्याम सुंदर केसरवानी नैनी क्षेत्र में एक निजी कंपनी में कार्यरत है। उसकी शादी बीते 29 मई को चंदौली जनपद के मुगलसराय थाना क्षेत्र अंतर्गत डीह बिलारी गांव निवासी स्वर्गीय अशोक बिंद की पुत्री संजना बिंद के साथ श्रीराम जानकी मंदिर में दोनों परिवारों की मौजूदगी में संपन्न हुई थी। विवाह के बाद 30 मई को संजना अपने ससुराल काजीपुर आ गई थी। बताया जा रहा है कि मंगलवार भोर में संजना अपने पति के साथ कमरे में थी। इसी दौरान उसका पति लघुशंका के लिए कमरे से बाहर चला गया। पति के बाहर निकलते ही संजना ने कमरे का दरवाजा अंदर से बंद कर लिया और फांसी के फंदे पर झूल गई। कुछ देर बाद जब परिजन को इसकी जानकारी हुई तो घर में हड़कंप मच गया। परिजन ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची नैनी पुलिस ने दरवाजा तोड़कर नवविवाहिता को फंदे से नीचे उतारा, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। नवविवाहिता का यह कदम उठाए जाने के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है। पुलिस मामले की जांच कर रही है तथा मायके पक्ष को भी घटना की सूचना दे दी गई है।

अन्य समाचार