तीर्थंकर महावीर यूनिवर्सिटी, मुरादाबाद के कॉलेज ऑफ नर्सिंग में आयोजित बीएससी नर्सिंग की फेयरवेल पार्टी “एलिरियन सायोनारा” में अंतिम वर्ष के विद्यार्थियों ने नृत्य, संगीत, समूह प्रस्तुति और मनोरंजक सांस्कृतिक कार्यक्रमों से सभी का मन मोह लिया। कार्यक्रम में निखिल चौहान को मिस्टर फेयरवेल और दिव्या नायर को मिस फेयरवेल चुना गया। दोनों को ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया।
बीएससी थर्ड ईयर की छात्राओं प्राची, महिमा गुप्ता, केंजल एवं समूह ने बॉलीवुड गीतों पर स्वागत नृत्य प्रस्तुत किया। वहीं विद्यार्थियों अमन कुमार, जैनाथ मिश्रा, समर्पित एवं ग्रुप डांस ने अपनी प्रस्तुति से सभी को झूमने पर मजबूर कर दिया।
इससे पूर्व मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन के साथ रिद्धि-सिद्धि भवन में फेयरवेल पार्टी “एलिरियन सायोनारा” का शुभारंभ हुआ। इस अवसर पर नर्सिंग कॉलेज की डीन प्रो. एसपी सुभाषिनी, प्राचार्या प्रो. जेसलीन एम., वाइस प्रिंसिपल प्रो. राम निवास सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।
डीन प्रो. एसपी सुभाषिनी ने विद्यार्थियों को समर्पण, अनुशासन एवं मानव सेवा की भावना के साथ नर्सिंग पेशे में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने विद्यार्थियों को उत्कृष्ट नर्स बनकर समाज और राष्ट्र की सेवा करने की शुभकामनाएं दीं।
प्राचार्या प्रो. जेसलीन एम. ने कहा कि नर्सिंग केवल एक पेशा नहीं, बल्कि मानवता की सेवा का सर्वोच्च माध्यम है। उन्होंने विद्यार्थियों को आत्मविश्वास, संवेदनशीलता और सकारात्मक सोच के साथ अपने करियर में आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।
समारोह में अंतिम वर्ष के विद्यार्थियों के लिए विशेष मेमोरी वीडियो भी प्रस्तुत किया गया, जिसमें उनके कॉलेज जीवन की यादगार झलकियां दिखाई गईं। प्रतियोगिताओं के मूल्यांकन में डॉ. सहर्ष वाल्टर और प्रो. विजिमोल शामिल रहे।
इस अवसर पर डॉ. रामकुमार गर्ग, डॉ. सुमन वशिष्ठ, डॉ. सपना सिंह, प्रो. वेदमूर्ति, प्रो. अनुषी सिंह, श्री गौरव कुमार, श्री नफीस अहमद, श्री शैलेन्द्र वर्मा, सुश्री विभा कुमारी, श्रीमती चेतना वशिष्ठ सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन जैनाथ मिश्रा, सुश्री ईशिता, शालिना आदि ने किया।
