घर बैठे भरें जानकारी, पाएं 11 अंकों की स्वगणना आईडी; 22 मई से घर-घर पहुंचेगी टीम
राजेश सरकार | प्रयागराज
जनगणना की पारंपरिक प्रक्रिया अब बदल गई है। कागज और फॉर्म की जगह डिजिटल व्यवस्था ने ले ली है। प्रयागराज में गुरुवार से मकान सूचीकरण जनगणना-2027 की शुरुआत हो गई। इस नई व्यवस्था के तहत नागरिक अब स्वयं ऑनलाइन पोर्टल पर अपनी जानकारी दर्ज कर सकेंगे और स्वगणना आईडी प्राप्त कर पाएंगे।
जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा ने स्वयं पोर्टल पर अपने आवास की स्वगणना कर इस अभियान की शुरुआत की। उन्होंने बताया कि इस बार की जनगणना पूरी तरह डिजिटल होगी और नागरिकों की भागीदारी को आसान बनाने के लिए स्वगणना सुविधा उपलब्ध कराई गई है।
प्रशासन के अनुसार जनगणना के प्रथम चरण को दो भागों में बांटा गया है। 7 मई से 21 मई तक नागरिक स्वयं पोर्टल पर अपनी जानकारी भर सकेंगे। इसके बाद 22 मई से 20 जून तक गणनाकर्मी घर-घर जाकर डेटा का सत्यापन और मकान सूचीकरण का कार्य करेंगे।
स्वगणना के लिए नागरिक जनगणना पोर्टल पर जाकर अपनी जानकारी दर्ज कर सकते हैं। प्रक्रिया के तहत राज्य का चयन, मोबाइल नंबर और ईमेल से पंजीकरण करना होगा। ओटीपी सत्यापन के बाद भाषा और जिले का चयन कर मैप पर अपने घर की लोकेशन चिन्हित करनी होगी। इसके बाद मकान और परिवार से संबंधित प्रश्नों के उत्तर भरने होंगे। फॉर्म जमा होते ही नागरिकों को 11 अंकों की स्वगणना आईडी प्राप्त होगी, जिसे क्षेत्रीय प्रगणक को दिखाकर जनगणना प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
प्रशासन का कहना है कि जनगणना केवल जनसंख्या गिनने का कार्य नहीं है, बल्कि यह समाज की आर्थिक, शैक्षिक और सामाजिक स्थिति का विस्तृत चित्र तैयार करने की महत्वपूर्ण प्रक्रिया है। आयु, लिंग, साक्षरता और आर्थिक गतिविधियों से जुड़े आंकड़े भविष्य की सरकारी योजनाओं और नीतियों की नींव बनते हैं।
इस अवसर पर नगर आयुक्त सीलम साईं तेजा, जिला सूचना विज्ञान अधिकारी, जनगणना अधिकारी समेत अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
