मुख्यपृष्ठटॉप समाचारअब जमीन चुरा रहे हैं वोट चोर!..उद्धव ठाकरे का जोरदार हमला

अब जमीन चुरा रहे हैं वोट चोर!..उद्धव ठाकरे का जोरदार हमला

-अजीत पवार के बेटे के अलावा किसी को कुछ भी मुफ्त नहीं

दो हाफ को हटाने की हिम्मत फडणवीस में है क्या?

सामना संवाददाता / मुंबई

वोट चोरी करके सत्ता में आई इस महायुति सरकार में भ्रष्टाचार चरम पर है। वोट चोरी करने वाले अब खुलकर राज्य में आम जनता के हक की जमीन भी चोरी कर रहे हैं। शिवसेनापक्षप्रमुख उद्धव ठाकरे ने ऐसा जोरदार हमला भाजपा की अगुवाई वाली सरकार पर बोला। उन्होंने कहा कि मात्र कुछ सप्ताह के भीतर मुरलीधर मोहोल का जमीन मामला सामने आया, फिर पार्थ पवार का और अब घाती गुट के मंत्री प्रताप सरनाईक का मामला सामने आया है। लेकिन फिर भी ऐसे लोगों पर कार्रवाई नहीं हो रही है। पक्ष, चिह्न और वोट चुराने के बाद यह सरकार जमीनें भी चुरा रही है। उन्होंने सीएम फडणवीस को ललकारते हुए कहा कि दो बैसाखी पर टिकी महायुति सरकार के मुखिया अपनी दोनों बैसाखी हटाने की हिम्मत दिखा सकते हैं क्या?
उद्धव ठाकरे ने कहा कि राज्य की जनता इस दगाबाज सरकार का पंचनामा करेगी। उन्होंने लोगों से अपील की कि तुम्हारे मन में जो चिंगारी है, वही इस दगाबाज सरकार को दिखाओ। जनता की एक चिंगारी भी अगर गिरी तो यह सरकार जलकर राख हो जाएगी।
मुख्यमंत्री देते हैं सबको क्लीन चिट!
शिवसेनापक्षप्रमुख उद्धव ठाकरे शनिवार को अपने मराठवाड़ा दौरे के चौथे दिन जालना जिले के पाटोदा तालुका के माव गांव पहुंचे। वहां उन्होंने आपदा पीड़ितों से मुलाकात के बाद पत्रकारों से बातचीत की। इस दौरान उद्धव ठाकरे ने अजीत पवार पर जोरदार हमला बोला। पुणे में पार्थ पवार की जमीन डील का मुद्दा इस समय गर्म है। अब तक इस मामले में कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। ऐसे में उद्धव ठाकरे ने व्यंग्य करते हुए कहा कि सभी अपराधी भाजपा में हैं। मुख्यमंत्री सबको क्लीन चिट देते हैं, इसलिए वे खुद ‘क्लीन चीटर’ बन गए हैं!
किसानों को लेकर अजीत पवार के बयान की कड़ी आलोचना करते हुए उद्धव ठाकरे ने कहा कि लोग न्याय मांग रहे हैं। किसानों की कर्जमाफी को लेकर तो अजीत पवार ने किसानों का अपमान किया था। मैं तो कहता हूं कि उनके बेटे को छोड़कर किसी को भी मुफ्त में कुछ नहीं चाहिए। इस मौके पर उन्होंने उप मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और अजीत पवार व महायुति सरकार पर जमकर प्रहार किया। उन्होंने आगे कहा कि किसान हाथ-पैर हिलाते हैं, मेहनत करते हैं, तभी तुम रोटी खा रहे हो।
नोटबंदी की तरह वोटबंदी करो
जैसे पीएम मोदी ने नोटबंदी की थी, वैसे ही मैं जनता से विनती करता हूं कि अपनी जाति-पांति, धर्म सब भुलाकर आम जनता के रूप में एक हो जाओ। जब तक मदद नहीं मिलती, कर्जमाफी नहीं होती, बीमा का पैसा नहीं मिलता, प्रति हेक्टेयर ५० हजार रुपये नहीं मिलते, बाढ़ से बर्बाद जमीन को राहत नहीं मिलती, तब तक महायुति और उनके सहयोगियों को वोट मत दो। वोटबंदी करो!

अन्य समाचार