मुख्यपृष्ठसमाचारअमेठी के आयुध निर्माण कारखाने को देखने निकले सुलतानपुर के सौ मेधावी...

अमेठी के आयुध निर्माण कारखाने को देखने निकले सुलतानपुर के सौ मेधावी विद्यार्थी

सामना संवाददाता/सुलतानपुर

 अमेठी के आयुध निर्माण कारखाने को देखने के लिए सुलतानपुर के दस माध्यमिक विद्यालयों के सौ चुनिंदा विद्यार्थियों की टीम शैक्षिक भ्रमण पर निकली है। यूपी के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग से संचालित जिला विज्ञान क्लब की ओर से चुने गए इन मेधावी विद्यार्थियों को जिला विद्यालय निरीक्षक सूर्य प्रकाश सिंह तथा सह जिला विद्यालय निरीक्षक जटाशंकर यादव ने हरी झंडी दिखाकर बसों से रवाना किया। अमेठी के कोरवा स्थित आयुध निर्माण फैक्ट्री पहुंचकर विद्यार्थियों ने विभिन्न आयुध पार्ट्स की निर्माण प्रक्रिया, उनकी पैकेजिंग तथा उपयोग से संबंधित जानकारी प्राप्त की। फैक्ट्री के तकनीकी विशेषज्ञों ने विभिन्न शस्त्रों, हथियारों और उपकरणों के उत्पादन, निर्माण प्रक्रिया और तकनीकी पहलुओं को विस्तार से समझाया।

यह एक महत्वपूर्ण अवसर था, क्योंकि कोरवा की यह इकाई मुख्य रूप से छोटे हथियारों और विशेष रूप से असॉल्ट राइफल (इंडो रशियन जॉइंट वेंचर के तहत) के उत्पादन के लिए जानी जाती है। यह भारत की आत्मनिर्भर रक्षा उत्पादन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जाता है। इस शैक्षिक भ्रमण में राजकीय हाई स्कूल केनौरा व जुडुपुर, राजकीय इंटर कॉलेज सुलतानपुर, केश कुमारी राजकीय बालिका इंटर कॉलेज सुलतानपुर, विश्वनाथ इंटर कॉलेज कलान, रामराजी बालिका इंटर कॉलेज, रामकली बालिका इंटर कॉलेज, राजकीय इंटर कॉलेज बिकना, मधुसूदन इंटर कॉलेज तथा महात्मा गांधी इंटर कॉलेज आदि विद्यालयों के छात्र छात्राएं शामिल हुए।

जिला समन्वयक शैलेंद्र चतुर्वेदी ने बताया कि शासन के निर्देशानुसार यह एक दिवसीय शैक्षिक भ्रमण आयोजित किया गया है, जिससे विद्यार्थियों को टीम भावना के साथ औद्योगिक क्षेत्र की कार्यप्रणाली का प्रत्यक्ष अनुभव प्राप्त हो सके। इस शैक्षिक भ्रमण में कविता पांडे, इंदू मौर्य, सीमा यादव, नीतू सिंह, कीर्ति सिंह, दिवाकर दुबे, दिलीप यादव, रुद्र प्रताप सिंह, वर्षा पांडे, निधि वर्मा आदि शिक्षक भी शामिल रहे। आयुध निर्माण फैक्ट्री के आयुक्त आनंद मोहन, अंकित राज सहित अन्य अधिकारियों का इस कार्यक्रम में विशेष सहयोग प्राप्त हुआ।

अन्य समाचार